छत्तीसगढ़रायपुर

सड़क की बदहाली दूर करने सड़क पर उतरी महिलाओं का अनोखा प्रदर्शन, फजीहत होने के बाद निगम प्रशासन ने दिया आश्वासन ..

दुर्ग। भिलाई के रिसाली सेक्टर में स्थित कॉलोनी मैत्रीकुंज की सड़क की हालत बदतर है। इसकी सुधार के लिए प्रशासन से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन जब प्रशासन ने उनकी बातें अनसुनी कर दी, तो महिलाओं ने अनोखे प्रदर्शन का रास्ता अख्तियार कर लिया। आंदोलन के जरिए प्रशासन की फजीहत होने के बाद एक बार फिर निगम प्रशासन की ओर से महिलाओं को आश्वासन दिया गया है कि गड्ढे, धूल और कंकड़-गिट्टी बिखरी उस बदहाल सड़क को बहुत जल्द चमचमाती सड़क में तब्दील कर दी जाएगी।

जानकारी मिली है कि 2016 से इस सड़क के मेंटेनेंस की मांग की जा रही है। इसके बदले वहां के नागरिकों को सिर्फ आश्वासन मिला। इस बात से नाराज महिलाओं ने रविवार को हनुमान मंदिर रोड की गोबर से पुताई की। सोमवार को उस पर रंगोली बनाया। प्रदर्शन में शामिल यहां की रहनिवासी महिलाएं कहती हैं कि मैत्रीकुंज सड़क 4 से 5 साल पहले आधा सीमेंटेड कर कर छोड़ दिया गया है। इसे पूरा करने के कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन उन शिकायतों को किसी ने गंभीरता से नहीं लिया।

इसीलिए कॉलोनी की सभी महिलाओं ने आंदोलन का ऐसा तरीका अपनाया। जैसे ही महिलाओं ने आंदोलन शुरू किया, इसकी खबर सोशल मीडिया के जरिए राजधानी तक पहुंच गई। राजधानी में जैसे ही अफसरों ने दुर्ग जिला प्रशासन से लेकर निगम प्रशासन तक को कॉल करना शुरू किया, तब स्थानीय प्रशासन की नींद खुली।

Back to top button