मध्य प्रदेश

उमा की शिवराज को नसीहत, शराबबंदी पर गुजरात और बिहार से लें सीख…

सतना। जिले के मैहर स्थित मां शारदा देवी के दर्शन करने पहुंची पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता उमा भारती ने दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को शराबबंदी के मामले पर एक बार फिर नसीहत दी। उन्होंने कहा कि, सीएम शिवराज को शराबबंदी के मामले पर गुजरात और बिहार से सीख लेनी चाहिए। हालांकि, शराबबंदी को लेकर चलाए जा रहे अपने अभियान पर उन्होंने कहा कि शिवराज और उनके विचार एक जैसे हैं।

 

उमा भारती ने कहा कि बिहार में मध्य प्रदेश से ज्यादा आबादी है। वहां यहां से ज्यादा गरीबी है। इसके बावजूद वहां शराबबंदी है। मध्य प्रदेश समझे कि बिहार कैसे राजस्व नुकसान की भरपाई कर रहा है। महिलाओं ने भी नीतीश की सरकार को समर्थन दिया है। गुजरात में भी आदिवासियों की स्थिति में सुधार के लिए शराबबंदी की गई और राजस्व हानि से उबरने के लिए दूसरे माध्यम तलाशे गए।

 

उन्होंने कहा कि, सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का समर्थन मिल रहा है। शिवराज ने तो कहा कि, सिर्फ शराबबंदी ही नहीं, पूर्ण नशा बंदी पर बात करनी होगी। फैसला लेने के पहले इसके लिए जन जागरूकता के प्रयास किए जाएं। उमा ने बताया कि, 15 जनवरी तक नशाबंदी के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ये आप सब के संकल्प से ही संभव हो सकता है।

Back to top button