मध्य प्रदेश

परिवहन सुविधाओं का होगा विस्तार, उद्योग-व्यापार का होगा विकास – विष्णुदत्त शर्मा

भोपाल.
’मोदी के मन में एमपी’ सिर्फ एक नारा नहीं है, बल्कि यह एक यथार्थ है। इसी कारण मध्यप्रदेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का स्नेह और आशीर्वाद विकास परियोजनाओं के रूप में लगातार मिल रहा है। बीते 9 सालों में प्रदेश की अधोसंरचना में हुआ कल्पनातीत विकास इसी का प्रमाण है। प्रदेश जिस तेजी के साथ विकास के पायदान चढ़ रहा है, उससे यह साबित हो गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी मध्यप्रदेश को देश के विकसित राज्यों में शामिल करने में कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहते।

यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने जबलपुर एवं भोपाल में सड़क परियोजनाओं के शुभारंभ तथा लोकार्पण एवं मध्यप्रदेश-राजस्थान व केंद्र सरकार के बीच पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के संबंध में हुए त्रिपक्षीय समझौते पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने इन विकास परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार जताया।

कृषि-व्यापार का होगा विकास, आपस में जुड़ेंगे तीर्थस्थल
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को जबलपुर के वेटेरेनरी ग्राउंड में 2 हजार 367 करोड़ रुपए की 226 किमी की 9 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया है, उनसे महाकौशल और बुंदेलखंड समेत पूरे प्रदेश में कृषि तथा व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और विभिन्न तीर्थस्थलों की कनेक्टिविटी बढ़ेगी। शर्मा ने कहा कि केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने टीकमगढ़-झांसी सड़क पर स्थित जामनी नदी पर 43 करोड़ की लागत वाले उच्च स्तरीय पुल, चांदिया घाट से कटनी बायपास तक दो लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क उन्नयन कार्य,  बमीठा से खजुराहो मार्ग का चार लेन चौड़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया है।

इसके साथ ही उन्होंने गुलगंज बायपास के बरना नदी तक,दो लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क उन्नयन कार्य, बरना नदी से केन नदी तक दो लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ)सड़क उन्नयन कार्य, शहडोल से सागर टोला तक दो लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क उन्नयन कार्य, ललितपुर-सागर-लखनादौन खंड में कुल 23 पुलों और सर्विस रोड का निर्माण, सुकतरा,कुरई एवं खवासा में कुल 3 फुटओवर बिज्र का निर्माण, घुनई एवं बंजारी घाटी पर 2 ब्लैक स्पॉट के सुधार कार्य का शिलान्यास किया है। इन परियोजनाओं से महाकोशल क्षेत्र में गेहूं और धान की कृषि तथा व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। विभिन्न अंचलों में स्थित प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों की कनेक्टिविटी में सुधार होगा। कटनी के कोयला उद्योग को लाभ होगा तथा प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो,ओरछा, राष्ट्रीय पेंच टाइगर कॉरिडोर तक आसान कनेक्टिविटी होगी।

परिवहन सुविधाओं का होगा विकास, सुधरेगा सड़क संपर्क
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने राजधानी के लाल परेड ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में 8038 करोड़ रुपये लागत वाली 498 किलोमीटर लंबी 15 नेशनल हाइवे परियोजनाओं के शिलान्यास पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राजधानी भोपाल, आसपास के क्षेत्रों में तो परिवहन सुविधाओं का विकास होगा ही, महाराष्ट्र, उत्तप्रदेश, राजस्थान और गुजरात से मध्यप्रदेश के सड़क संपर्क में भी सुधार होगा।

शर्मा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी ने जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया है, उनमें एनएच-46 के अयोध्या बायपास खंड का 6-लेन चौड़ीकरण, एनएच-146 बी के शाहगंज से बाड़ी खण्ड का 4-लेन चौड़ीकरण, एनएच-552 (विस्तारित) के मध्यप्रदेश व राजस्थान सीमा से श्योपुर-गोरस का 2-लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क निर्माण, एनएच-752 सी पर शुजालपुर बायपास का 2-लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क निर्माण, एनएच-552 (विस्तारित) पर अटेर व भिंड बायपास का 2-लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क निर्माण, एनएच-552 (विस्तारित) के गोरस से श्यामपुर मार्ग का दो-लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क निर्माण, एनएच-56 के दाहोद (गुजरात सीमा) से अम्बुआ खंड का 2-लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क निर्माण तथा एनएच-347 ए मुलताई से मध्यप्रदेश व महाराष्ट्र सीमा तक का 2-लेन (पेव्ड शोल्डर के साथ) सड़क निर्माण शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर राजधानी भोपाल के लोगों को यातायात के बढ़ते दबाव से मुक्ति मिलेगी, वहीं, प्रदेश के अन्य हिस्सों में सड़क सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे निश्चित रूप से प्रदेश के विकास में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी तथा उद्योग-व्यापार का विकास होगा।

जलसंकट से मिलेगी मुक्ति, उद्योगों और कृषि का होगा विकास
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना बीते 20 वर्षों से लंबित थी। लेकिन रविवार को मध्यप्रदेश, राजस्थान और केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय के बीच जो त्रिपक्षीय समझौता हुआ है, उससे एक बार फिर यह साबित हो गया है कि मोदी की गारंटी हर गारंटी के पूरे होने की गारंटी है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश के चंबल और मालवा के 13 जिलों की करीब 1.5 करोड़ जनता को सुगमता से पानी मिलेगा और प्रदेश की करीब तीन लाख हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई हो सकेगी।

इस परियोजना से मध्यप्रदेश के चंबल क्षेत्र के मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, भिंड और श्योपुर में पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और मालवा के औद्योगिक बेल्ट वाले इंदौर, उज्जैन, धार, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास और राजगढ़ जिलों के औद्योगीकरण को और बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही चंबल और मालवा अंचलों के धार्मिक और पर्यटन केंद्र भी विकसित होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने परिवहन सुविधाओं के विकास और विस्तार के काम करते हुए यह दिखा दिया है कि किसी भी देश के विकास में सड़कों की क्या भूमिका होती है। शर्मा ने कहा कि गडकरी के मार्गदर्शन में पूरी की गई विकास परियोजनाएं सारी दुनिया में इस बात का उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं कि किसी काम को पूरी गति और शक्ति के साथ क्वालिटी से समझौता किए बिना किस तरह पूरा किया जा सकता है।

Back to top button