मध्य प्रदेश

वोटरों को लुभाने MP में CM शिवराज ने एक दिन में 53 हजार करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण-भूमिपूजन….

इंदौर। सीएम शिवराज सिंह ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश स्तर पर 53,000 करोड़ की परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि भूतो न भविष्यति। यह मध्यप्रदेश के लिए अद्भुत पल है, 6 अक्टूबर दोपहर 12 बजे का समय इतिहास में दर्ज होगा। अकेले आज के दिन 53 हजार करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हो रहा है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक दिन में 53 हजार करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने 14 हजार से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास, 12 हजार से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण समेत 2 हजार कार्यों का भूमिपूजन किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज की तारीख इतिहास में दर्ज होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जमाना था, तब हमारे पास गड्ढों वाली सड़कें थीं। वह भी केवल 60 हजार किलोमीटर की। मुझे कहते हुए गर्व है कि आज मध्यप्रदेश में 5 लाख किलोमीटर की सड़कें हैं। साढ़े सात लाख हेक्टेयर जमीन में सिंचाई होती थी। आज 47 लाख हेक्टेयर जमीन में सिंचाई हो रही है। आने वाले समय में 100 लाख हेक्टेयर जमीन में सिंचाई होगी। हम किसान की एक-एक इंच जमीन सींच देंगे। सीएम ने कहा कि प्रदेश ने तांगे से लेकर मेट्रो तक का सफर तय किया है। अब चारों तरफ विकास देखिए आज सचमुच में मैं गर्व से भरा हूं, आनंद और प्रसन्नता से भरा हूं। जो कल्पना नहीं थी वो किया है।

उन्होंने कहा कि मां, बहन और बेटी का सम्मान चाहिए। 35 प्रतिशत आरक्षण मैंने सरकारी नौकरियों में बेटियों के लिए किया है। हमारी 50 फीसदी बहनें आज मेयर, सरपंच, पार्षद अलग-अलग पदों पर हैं। ये सामाजिक क्रांति है। एक बात और आती है कि कर्ज ले लिया। कर्जा क्या होता है आपको पता है ? भारत सरकार कुछ मापदंड तय करती है कि कोई राज्य इतना कर्जा ले सकता है। वह कुल सकल घरेलू उत्पादन के 3 या 3.5 प्रतिशत के आसपास होता है। उतना लेकर और उससे कई गुना ज्यादा दूसरे राज्यों ने लिया है। हमने विकास के कामों पर खर्च किया है।

वहीं कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने माइक्रो प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भू आवासीय योजना के तहत गांवों फ्री में जमीन देकर मकान मालिक बनाएंगे। एमपी में कोई भी बेघर नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में हम शहरों के लिए भी मुख्यमंत्री भू आवासीय योजना बनाएंगे।

Back to top button