मध्य प्रदेश

प्रदेश में पहले चरण की 6 सीटों पर मतदान की यह प्रक्रिया हुई शुरू

भोपाल

मध्यप्रदेश में घर-घर पहुंचकर मतदान कराने का सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार को सुबह से निर्वाचन अधिकारी बुजुर्ग लोगों के घर पहुंचकर मतदान करवा रहे हैं। प्रथम चरण के मतदान से पहले बुजुर्गों के लिए यह सुविधा शुरू हुई है। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा।

प्रदेश में पहले चरण के नामांकन के बाद 85 वर्ष से अधिक बुजुर्ग और 40 फीसदी से अधिक दिव्यांगों के घर जाकर मतदान का सिलसिला शुरू हो गया है। शहडोल में रविवार को पांडवनगर निवासी 108 वर्षीय कैलसुआ सोंधिया ने घर से मतदान किया। उनके घर संभागायुक्त और कलेक्टर भी पहुंचे। बालाघाट की 104 वर्षीय शुभा रामचरन पांडे ने भी मतदान किया। आयोग के निर्देशानुसार बुजुर्गों और दिव्यांगों को घर से मतदान कराने का काम 6 अप्रेल से शुरू हो चुका है। अभी तक 50 से अधिक ऐसे मतदाता वोट डाल चुके हैं। अवकाश के दिन भी टीम उनके घर पहुंची और मतदान कराया। छिंदवाड़ा में 96 वर्षीय बिस्तेबानो रिजवी ने और डिंडोरी में 91 वर्षीय सुशीलाबाई ने घर से मतदान किया। पहले चरण में प्रदेश की 6 सीटों सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा में मतदान की यह प्रक्रिया चल रही है।
चार चरण में होंगे मध्यप्रदेश में चुनाव

पहला चरण — 19 अप्रेल
सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा

दूसरा चरण— 26 अप्रेल
टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद, बैतूल

तीसरा चरण— 7 मई
मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़

चौथा चरण— 13 मई
देवास, उज्जैन, इंदौर, मंदसौर, रतलाम, धार, खरगोन, खंडवा
मध्यप्रदेश में 29 सीटें

मध्यप्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं, जिन पर चुनाव होने वाले हैं। वर्तमान में 28 सीटों पर भाजपा का कब्जा है, जबकि एक सीट पर कांग्रेस के नकुलनाथ सांसद हैं। भाजपा इस बार पूरी 29 सीटें जीतने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस भी अपने पक्ष में माहौल बना रही है। इसी सिलसिले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा भी कई राज्यों के साथ ही मध्यप्रदेश से भी गुजरेगी। लोकसभा के चुनाव में 543 सांसद चुनकर आएंगे। पिछली बार 2019 में हुए आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 303 सीटें जीती थीं और अपने पूर्ण बहुमत को बरकरार रखा था। भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 353 सीटें जीती थीं।
लगातार बढ़ रहे हैं मतदाता

मध्यप्रदेश में लगातार मतदाता बढ़ रहे हैं। हाल ही में निर्वाचन आयोग की तरफ से चलाए गए अभियान में लगातार नए मतदाता बढ़ रहे हैं जो 18 साल की आयु पूरी कर चुके हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान मध्यप्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 59 लाख 98 हजार 370 थी। इनमें 28790967 पुरुष मतदाता और 27206136 महिला मतदाता थे। थर्ड जेंडर की संख्या 1267 थे। इसके साथ ही राज्य में 75 हजार 326 सेवा मतदाता थे। राज्य में कुल 5 लाख 03 हजार 564 दिव्यांग मतदाता भी हैं। चुनाव आयोग ने 8 फरवरी तक मतदाता सूची का काम पूरा करने का टारगेट रखा है। सभी राज्यों में इसे पूरा करना है। 18 साल पूरे कर चुके नए मतदाताओं के नाम जोड़ने का अभियान तेजी से चल रहा है। तब तक मतदाताओं की संख्या में और इजाफा होगा।

Back to top button