लखनऊ/उत्तरप्रदेश

अयोध्या के नवनिर्मित राम मंदिर में यह उनकी पहली यात्रा है, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया स्वागत

अयोध्या
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को अयोध्या के दौरा पर पहुंचीं। राष्ट्रपति भवन ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति का स्वागत किया।'' अयोध्या के नवनिर्मित राम मंदिर में यह उनकी पहली यात्रा है, जिसका प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को आयोजित किया गया था। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘अयोध्या प्रवास के दौरान राष्ट्रपति श्री हनुमान गढ़ी मंदिर, प्रभु श्री राम मंदिर और कुबेर टीला में दर्शन व आरती करेंगी। वह सरयू पूजन और आरती भी करेंगी।''

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम के मुताबिक, वह शाम 4 बजे महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद एयरपोर्ट पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल स्वागत करेंगी. 4 बजकर 50 पर हनुमानगढ़ी के दर्शन और पूजन करेंगी। 5 बजकर 45 पर सरयू घाट पर पहुंचेंगी और सरयू आरती में शामिल होंगी। 6 बजकर 45 पर राम जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगी और राम लला के दर्शन और आरती करेंगी। राष्ट्रपति 7 बजकर 15 मिनट पर कुबेर टीला पहुंचेगी। कुबेर टीला के दर्शन और पूजन करेंगी। दर्शन पूजन के बाद महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अयोध्या दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर अयोध्या धाम तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।

राष्ट्रपति के आगमन पर सख्त रहेगा सुरक्षा घेरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर बुधवार को जिले में सुरक्षा घेरा सख्त रहेगा। एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर व सरयू तट तक आधुनिक असलहों से लैस जवान जगह-जगह मुस्तैद रहेंगे। मंगलवार को ही पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा एजेंसियों व अन्य जवानों के साथ रिहर्सल भी किया है। इस दौरान सभी मार्गों पर पड़ने वाले मकानों पर असलहों से लैस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस के अलावा सीआरपीएफ, आरएएफ, एटीएस व पीएसी के जवान भी जगह-जगह तैनात होंगे। खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। सादी वर्दी में अलग-अलग जगहों पर भी जवान तैनात रहेंगे।

Back to top button