मध्य प्रदेश

इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित चार सांसद, एक विधायक, 13 पूर्व विधायक और दो महापौर शामिल

भोपाल

लोकसभा चुनाव में मिशन 29 का टारगेट बना चुकी भाजपा का पिछले चार महीनों में 21 हजार से लगभग कांग्रेस नेता और अन्य दलों के नेता सदस्यता ले चुके हैं। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित चार सांसद, एक विधायक, 13 पूर्व विधायक और दो महापौर शामिल हैं। मध्य प्रदेश के इतिहास में महज 96 दिनों में इतने लोगों ने कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली है।

हालांकि भाजपा शनिवार को भी एक लाख लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाने की योजना तैयार कर चुकी है, इसमें एक पूर्व मंत्री सहित कई अन्य नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं। एक जनवरी से अब तक यानि 96 दिनों में जिस तेजी से भाजपा ने कांग्रेस को झटका दिया है। वह प्रदेश की राजनीति में अब तक नहीं हुआ। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी का भाजपा का दामन थाम लेना बड़ा झटका कांग्रेस को लगा। इसके साथ ही अमरवाड़ा से विधायक रहे कमलेश शाह ने न सिर्फ अपनी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया, बल्कि भाजपा का भी दामन थामा। वहीं जबलपुर महापौर जगत प्रकाश अन्नू और छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहाके ने भी कांग्रेस को अलविदा कहा। दोनों महापौर भी अपने अपने शहर में व्यापक जनाधार रखते हैं। दोनों ने ही पिछले दिनों भाजपा की सदस्यता ली है। वहीं धार के पूर्व सांसद गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी, भिंड से पूर्व सांसद रहे रामलखन सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ली। हालांकि ये दोनों पूर्व सांसद पहले भी भाजपा में रह चुके हैं। अब वापस भाजपा में आए हैं। रीवा से पूर्व सांसद रहे देशराज सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ली है।

ये पूर्व विधायक भी हुए शामिल
कांग्रेस के 13 पूर्व विधायकों ने भी पार्टी का हाथ छोड़कर भाजपा का दामन थामा हैं। इसमें विदिशा से विधायक रहे शशांक भार्गव, इंदौर जिले के देपालपुर से विधायक रहे विशाल पटेल, इंदौर से विधायक रहे संजय शुक्ला के अलावा अर्जुन पलिया, कमलापत आर्य, दिनेश अहिरवार, अरुणोदय चौबे, शिवदयाल बागरी, चौधरी गंभीर सिंह, नीलेश अवस्थी, अजय यादव ने भी पिछले दिनों भाजपा की सदस्यता ली।

अफसर भी हुए शामिल
दो पूर्व आईपीएस अफसर भी पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुए। इसमें पूर्व डीजी एवं पूर्व सूचना आयुक्त सुखराज सिंह के अलावा कई जिलों में पुलिस अधीक्षक रहे और कई डीआईजी रेंज में पदस्थ रहे सुधीर लाड़ भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। सुधीर लाड़ छिंदवाड़ा में इन दिनों भाजपा के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। वहीं सेवानिवृत्त अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नारायण सिंह मीणा के अलावा सेवानिवृत्त एसडीओ ओपी द्विवेदी ने भी भाजपा का दामन थामा है।

Back to top button