दरवाजे में फंसकर चोर की मौत, सिर पावरलूम के अंदर और धड़ बाहर फंसा, पूरी रात दरवाजे से चिपका रहा ….
लखनऊ। वाराणसी के एक पावरलूम में चोरी करने घुस रहे युवक की दरवाजे पर ही मौत हो गई। चोर का सिर पावरलूम के दरवाजे के अंदर और बाकी शरीर बाहर रह गया था। वह दरवाजे में इस कदर फंसा कि न तो अंदर घुस पाया और न ही बाहर निकल पाया। स्थिति यह हो गई कि उसने फंसे-फंसे ही तड़प कर दम तोड़ दिया। सुबह लोगों ने जब उस को दरवाजे से चिपका देखा, तो शोर मचाना शुरू किया। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है। मामला सारनाथ थाना क्षेत्र के दानियालपुर स्थित ताड़ीखाना का है।
शनिवार रात को दानियालपुर निवासी जावेद (22) चोरी की नीयत से रहमतुल्ला के पावरलूम में घुस रहा था। जब जावेद अंदर घुस रहा था, तभी दरवाजे में इसकी गर्दन फंस गई और दम घुटने से इसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने कहीं भी रिपोर्ट में चोरी की आशंका नहीं जताई है।
मगर, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह युवक चोरी की नीयत से घुस रहा था। दरवाजे के दोनों किवाड़ के बीच में उसकी गर्दन ऐसी फंस गई, वह न तो अंदर घुस पा रहा था और न ही उसका सिर बाहर आ पा रहा था। कुछ देर में दम घुटने से जावेद की मौत हो गई। सुबह साढ़े 8 बजे जब लोगों ने देखा तो हल्ला मचाना शुरू किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पावरलूम संचालक निजाम ने बताया कि बीते दो दिन से उसका पावरलूम बंद था। जावेद की आदतें ठीक नहीं थी। उसे कई बाद छोटी-मोटी चोरी के दौरान रंगे हाथ पकड़ा जा चुका था। लेकिन, समझा कर छोड़ दिया जाता था। आसपास के लोगों ने बताया कि उसकी पत्नी तरन्नुम पूरी रात जावेद का इंतजार किया। नहीं आया तो सुबह अपने मायके कोनिया चली गई।