लखनऊ/उत्तरप्रदेश

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 11-14 मार्च और मैदानी इलाकों में 12 से 14 मार्च के बीच बारिश होगी

नई दिल्ली
उत्तर भारत से ठंड खत्म हो गई है और अब मौसम खुल गया है। दिन के समय तेज धूप होती है। अब एक बार फिर पहाड़ी राज्यों और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश होने वाली है। मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 11-14 मार्च और मैदानी इलाकों में 12 से 14 मार्च के बीच बारिश होगी। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 13 और 14 मार्च को बरसात होने जा रही है।

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान, अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं, पंजाब, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल में भी बारिश रिकॉर्ड की गई।

आने वाले दिनों में दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक देने वाले हैं। पहला 10 मार्च की रात से और दूसरा 12 मार्च की रात से आएगा। इसकी वजह से जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में 10 से 14 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी होगी। वहीं, उत्तराखंड में 11 से 14 मार्च के बीच बारिश होने वाली है। मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब में 12 से 14 मार्च, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 13 और 14 मार्च को बारिश होने वाली है।

इसके अलावा, दक्षिणी राजस्थान को छोड़कर उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। वहीं, ओडिशा में 8-10 मार्च, सब हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में आठ और नौ मार्च को बारिश होगी। इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश में 8 मार्च, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 13 और 14 मार्च को बारिश होने के आसार हैं।

 

Back to top button