नई दिल्ली

रेडियो जॉकी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बारे में कुछ ऐसा बोल दिया, इस देश ने नौकरी से निकाला …

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध एक महीने से भी ज्यादा हो गया लेकिन इसका अभी भी कोई परिणाम नहीं निकला है। इसी बीच युद्ध के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर कई कहानियां सामने आई हैं। ऐसा ही एक मामला कजाकिस्तान से सामने आया है जहां की एक रेडियो जॉकी को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा। यह घटना कजाकिस्तान के एक रेडियो चैनल से संबंधित है। रिपोर्ट के मुताबिक चैनल का नाम यूरोपा प्लस कजाकिस्तान रेडियो है। उस रेडियो जॉकी की सिर्फ इतनी ही गलती है कि उसने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बारे में कुछ ऐसा बोल दिया जिसे पसंद नहीं किया गया।

बताया गया कि इसी स्टेशन की एक रेडियो होस्ट ने सोशल मीडिया पर एक कमेंट के जवाब में यह कह दिया कि अगर तुम ज्यादा बोलोगे तो हम ‘पुतिन अंकल’ को बुला देंगे। जैसे ही उसने इतना कहा यह कमेंट वायरल हो गया और रेडियो चैनल में हड़कंप मच गया।

रिपोर्ट के मुताबिक इस कमेंट के बाद ही रेडियो चैनल के अंदर इसका विरोध होने लगा। आखिरकार चैनल को एक मीटिंग बैठानी पड़ी और उस रेडियो होस्ट को नौकरी से निकाल दिया गया। बताया गया कि रेडियो होस्ट ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर अभद्र टिप्पणी की है। उधर चैनल की इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर तमाम लोग उसके समर्थन में भी उतरे हैं। वहीं रेडियो होस्ट ने इस मामले पर कुछ भी बोलने से इनकार किया है।

बता दें कि कजाकिस्तान की एक बड़ी आबादी रूसी मूल की है। यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद जंग का विरोध और समर्थन करने वाले लोगों के बीच यहां भी काफी बहस हुई है। एक तथ्य यह भी है कि कजाकिस्तान एक समय सोवियत संघ का हिस्सा था। इस समय कजाकिस्तान रूस के साथ दुनिया का दूसरा सबसे लंबा लैंड बॉर्डर साझा करता है। फिलहाल यहां की एक रेडियो होस्ट अपने कमेंट को लेकर चर्चा में है।

 

Back to top button