लखनऊ/उत्तरप्रदेश

नरेंद्र मोदी को धमकी भरा ई-मेल भेजने वाला उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, आरोपी बोला- साजिश में गुजरात की लड़की और दिल्ली का लड़का भी शामिल …

लखनऊ। गुजरात ATS ने शनिवार देर रात उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बदायूं के आदर्श नगर में रहने वाले इस अमन सक्सेना ने प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO को ई-मेल भेजकर नरेंद्र मोदी को जान से मारने की धमकी दी थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि PMO को ई-मेल भेजने में गुजरात की एक लड़की और दिल्ली का एक लड़का भी शामिल है। थाने पर मीडिया को जुटते देखकर ATS ने उसे बदायूं SSP के घर पर शिफ्ट कर दिया। जहां उससे आगे की पूछताछ की गई। फिर ATS अपने साथ लेकर चली गई।

आरोपी बरेली के राजर्षि इंजीनियरिंग कॉलेज से GTI की पढ़ाई की है। इसके बाद मुंबई से IIT किया है। मोहल्‍ले के लोगों ने बताया कि उन्होंने अमन को कई साल से नहीं देखा। वह कब आता और कब जाता, यह किसी को नहीं पता है।

बदायूं में सिविल लाइंस थाने के इंस्पेक्टर सहंसरवीर सिंह ने बताया कि गुजरात ATS ने आरोपी को एक ई-मेल की जांच के संबंध में पकड़ा है। उसे सर्विलांस पर लिया गया था और उसकी लोकेशन ट्रेस होते ही ATS टीम पहुंच गई थी। ATS टीम के एक मेंबर से जब ई-मेल भेजने के मकसद के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने जांच का हवाला देकर कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार को दो लोग सादे कपड़ों में आए थे। उन्होंने मोहल्ले वालों से CCTV कैमरों के बारे में पूछताछ की थी। लोगों का कहना है कि वही ATS की तरफ से भेजे गए पुलिसकर्मी थे। पुलिस ने बताया कि गुजरात ATS की दो मेंबर की टीम दिल्ली होते हुए शनिवार रात को बदायूं पहुंची थी। यहां स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

ATS ने जिस अमन सक्सेना को पकड़ा है वह पहले भी लैपटॉप चोरी के मामले में पकड़ा जा चुका है। उस समय छात्र होने के नाते पुलिस ने लैपटॉप बरामद कर उसे छोड़ दिया था। इसके बाद भी उसकी गतिविधियां लगातार संदिग्ध रही हैं।

अमन सक्सेना शहर के मोहल्ला आदर्श नगर का रहने वाला है। पिता सुभाष सक्सेना पावर कारपोरेशन में रह चुके हैं। उनकी पोस्टिंग कासगंज के नदरई बिजलीघर पर थी। हालांकि साल 2012 में मां अनीता का लंग्स खराब होने के कारण पिता ने नौकरी से रिजाइन कर दिया।

पिता ने बताया कि वह मूल रूप से दातागंज तहसील के कांसपुर रोड मोहल्ला के रहने वाले हैं और तकरीबन 35 साल पहले बदायूं के आदर्श नगर आकर बस गए थे। बेटा GTI करने के बाद मुंबई से IIT किया। कई साल से वह दिल्ली में रह रहा है। वहां एक युवती के चक्कर में वह फंस गया है और यहां केवल पैसे मांगने आता है। 2 दिन पहले भी रुपए मांगने आया था लेकिन रुपए नहीं दिए। जबकि कल रात उसे पुलिस समेत ATS घर से उठाकर ले गई।

Back to top button