मध्य प्रदेश

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी नववर्ष की शुभकामनाएं

भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी है। उन्होंनेे कामना की है कि नववर्ष सभी प्रदेशवासियों के लिए सुख, शांति, सद्भाव, समृद्धि एवं सफलताओं का वर्ष हो।

नववर्ष में समर्थ, समृद्ध, सशक्त राष्ट्र निर्माण का संकल्प लें : राज्यपाल मंगूभाई पटेल

राज्यपाल श्री पटेल ने अपने शुभकामना संदेश में प्रदेश की सुख, समृद्धि की कामना करते हुए नागरिकों से सशक्त, समर्थ और समृद्ध राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की अपील की है। अपने नववर्ष के शुभकामना सन्देश में कहा है कि देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। नववर्ष का स्वागत स्वच्छ, स्वावलंबी, समर्थ, समृद्ध नवराष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ करें। प्रदेश के ग्रामीण, पहुँचविहीन क्षेत्रों, गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में खुशहाली के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के प्रयासों में सहयोग करें। सबका साथ, विश्वास और प्रयासों से समावेशी समाज का निर्माण करें।

मध्यप्रदेश को गढ़ने में सभी का सहयोग हो : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अंग्रेजी नव वर्ष 2023 की सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी के सुखी और समृद्ध होने की कामना की है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नागरिकों में अपने प्रदेश की भावना का विकास हुआ है। प्रदेश के सर्वांगीण विकास में हम सभी का सहयोग होना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नया वर्ष सभी प्रदेशवासियों के जीवन में नवीन उत्साह और ऊर्जा का संचार करे, सभी सुखी और निरोगी रहें। उन्होंने कहा कि नव वर्ष में हमें नए संकल्पों के साथ अपनी कार्य-कुशलता और दक्षता से पुन: जन-कल्याण के कार्य करने में लगना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हमारा प्रण आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाना है। इम सभी एकजुट होकर प्राण-प्रण से इस संकल्प की पूर्ति और नए मध्यप्रदेश को गढ़ने में जुट जाएं।

Back to top button