मध्य प्रदेश

सेंट्रल सीट नहीं मिली तो पूर्व मंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर चले गए

बिना जानकारी दिए ही पीसीसी से रवाना हो गए कमलेश्वर पटेल, संगठन प्रभारी ने दी सफाई

भोपाल। एक जनवरी को कांग्रेस प्रदेश भर में ”संकल्प दिवस” मनाने जा रही है। इस कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से बात करने के लिए पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल सेंट्रल सीट न मिलने के कारण नाराज हो गए और प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर चले गए।

”संकल्प दिवस” कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए पीसीसी कार्यालय में कांग्रेस के संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर, मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा, प्रकाश जैन और महामंत्री राजीव सिंह के साथ पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल शुक्रवार को प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करने के लिए बैठे। संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर, मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा के बाद पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल अपनी बात रखने के लिए सेंट्रल चेयर (बीच की कुर्सी) पर बैठने के लिए उठे। लेकिन, चंद्रप्रभाष शेखर ने उन्हें अपनी सीट से ही बात करने को कह दिया। ये सुनकर पटेल अपनी सीट से उठे और जाने लगे। जब मीडिया ने उनसे पूछा कि आप नाराज होकर जा रहे हैं तो चंद्रप्रभाष शेखर ने कहा- नाराजगी जैसी कोई बात नहीं, उनके पास ज्यादा जानकारी है वे अलग से बताएंगे।

नए साल में कांग्रेस की सरकार बनने का किया दावा

इस अवसर पर चंद्रप्रभाष शेखर ने कहा कि अगला साल 2023 मध्यप्रदेश में बीजेपी सरकार को बदलने का साल है। 2023 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और कमलनाथ मुख्यमंत्री बनेंगे।1 जनवरी 2023 को सुबह 11 बजे से तिरंगे झण्डे के साथ जिला कांग्रेस कमेटियों के कार्यालयों से गांधी प्रतिमा तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पदयात्रा करेंगे। यात्रा की समाप्ति पर सभा आयोजित की जाएगी। सभा में भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों को बताया जाएगा।

रैलियां निकालकर बीजेपी सरकार की पोल खोलेगी कांग्रेस

कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा- मंहगाई ने हर परिवार को मुश्किल में डाल रखा है। पेट्रोल-डीजल के दाम प्रतिदिन बढ़ाए जा रहे है। महिलाओं व आदिवासियों पर अत्याचार के मामले बढ़े है। नई नौकरियां मिलना तो दूर, बेरोजगारी बढ़ रही है। छोटे व्यापारी, छोटे उद्योग धंधे करने वाले सरकार की नीतियों के कारण परेशान है, लघु उद्योग बंद हो रहे है, किसानों को उत्पादन का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, उर्वरक महंगे हो गए है, कृषक वर्ग परेशान है। भाजपा सरकार में हर स्तर पर भ्रष्टाचार चरम पर है। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस संघर्ष करेगी। रैलियों के आयोजन किए जाएंगे।

भाजपा ने कांग्रेस के संकल्प दिवस को बताया मजाक

कांग्रेस द्वारा एक जनवरी को किए जाने वाले संकल्प दिवस के आयोजन पर तंज कसते हुए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- इससे बड़ा मजाक क्या हो सकता है कमलनाथ से पूछिए जो घोषणाएं आपने की थीं उनका क्या हुआ। आपने कितनी बार मुख्यमंत्री बनने का सपना देख लिया। हो सकता है नए साल में फिर कोई सपना आ गया हो। मुंगेलीलाल के हसीन सपने कोई भी देख सकता है। कमलेश्वर पटेल के अंदर से कुछ जागृत हुआ होगा। उनको कहा होगा कि ये नहीं बोलना है, इसलिए छोड़कर भागे होंगे। कांग्रेस की लीडरशिप अप्रासंगिक हो गई होगी।

Back to top button