छत्तीसगढ़बिलासपुर

पहली पत्नी की मौत हुई, दूसरी छोड़कर गई; काम के बहाने निकला और बेटी के सामने पिता ने लगाई फांसी …

अंबिकापुर। मूल रूप से जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के सामरबार का रहने वाला रामदेव कोरवा(30) घर का खर्चा चलाने के लिए रोजी मजदूरी करता था। बताया गया है कि उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। पहले पत्नी से ही उसे 5 साल की बेटी है। उसकी मौत के बाद उसने दूसरी महिला से शादी की। मगर दूसरी पत्नी कुछ दिन पहले उसे छोड़कर चले गई थी। इसी बात से वह परेशान रहता था।

सरगुजा जिले में एक पिता ने अपनी बच्ची के सामने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वो काम करने के बहाने बच्ची को लेकर घर से निकला था। इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली है। इस मामले का पता तब चला, जब बच्ची पिता को फंदे पर लटका देखकर रोने लगी। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी मिली है कि 23 मार्च को रामदेव अपनी बेटी को लेकर घर से निकला था। उसने अपने परिजनों को बताया था कि वह काम करने जा रहा है। इसके बाद वह रविवार शाम को सरगुजा के बतौली इलाके में पहुंचा। वहां एक कॉलेज के पीछे, एक पेड़ के सामने बच्ची को बिठाया। फिर उसके सामने ही पेड़ पर फंदा बनाकर झूल गया।

उधर, बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। फिर पुलिस को भी इस बात की सूचना दी गई। खबर मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। उस दौरान भी बच्ची रो रही थी। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी थी। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मामले में जांच जारी है। परिजनों से भी पूछताछ जारी है।

Back to top button