नई दिल्ली

राहुल गांधी की ना बढ़ा रही मुश्किल, कांग्रेस के नए चीफ के लिए कब खत्म होगी वेटिंग ….

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी का अगला अध्यक्ष कौन होगा? इसे लेकर पार्टी में अभी भी उहापोह की स्थिति बनी हुई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष बनने को राजी नहीं है। मार्च में, सोनिया गांधी ने पार्टी की विधानसभा चुनावों में हार पर चर्चा करने के लिए एक बैठक में वरिष्ठ नेताओं को अपने भाषण में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि, उन्हें चुनाव तक बने रहने के लिए राजी कर लिया गया था।

उधर, सोनिया गांधी भी अपने खराब स्वास्थ्य के चलते अध्यक्ष पद नहीं लेना चाहती है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी के सामने क्या-क्या विकल्प हैं? गांधी फैमिली से विकल्प पर सोचा जाए तो प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम सबसे ऊपर है।

सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष की भूमिका स्वीकार करने के लिए प्रेरित करने के नवीनतम प्रयास निष्फल रहे हैं। दरअसल, 2019 के आम चुनाव में हार के बाद इस्तीफा देने के बाद से राहुल गांधी पार्टी सदस्यों की अपील को लगातार ठुकराते रहे हैं। वह कांग्रेस अध्यक्ष बनने की अनिच्छा पर अभी भी अडिग हैं। उधर, सोनिया गांधी ने भी अपने स्वास्थ्य के कारण अध्यक्ष के रूप में लौटने से इनकार किया है।

सूत्रों ने कहा है कि ऐसे में पूरा ध्यान प्रियंका गांधी वाड्रा पर चला गया है, क्योंकि अभी भी संगठन के अधिकांश सदस्य गांधी फैमिली से ही अध्यक्ष बनाने को लेकर सहमत हैं। दूसरी ओर यूपी विधानसभा चुनाव में शर्मनाक हार के बाद गांधी फैमिली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में आम सहमति के अभाव में शुरू हो चुके कांग्रेस के अध्यक्ष पद चुनाव के कार्यक्रम पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं। पार्टी ने हालांकि आधिकारिक तौर पर गतिरोध पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

कांग्रेस के दिग्गज नेता भक्त चरण दास ने एक टीवी चैनल से बात की। कहा, “हां, उन्होंने (राहुल गांधी) कहा है कि उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है, लेकिन हम इस पर काम कर रहे हैं और उनसे पदभार संभालने का अनुरोध कर रहे हैं। उन्हें हमें बताना होगा कि यह पद कैसे भरा जाएगा।” राहुल गांधी, हालांकि, सरकार के खिलाफ कांग्रेस के अभियान का नेतृत्व करना जारी रख हुए हैं। वह सितंबर में एक विशाल रैली को संबोधित करने के लिए तैयार हैं और कन्याकुमारी से “भारत जोड़ी यात्रा” शुरू करेंगे।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “हां, हम एक रैली का आयोजन कर रहे हैं और राहुल गांधी हमारा नेतृत्व करेंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व संकट पिछले कुछ वर्षों से बड़ा सवाल रहा है। लगातार चुनावी हार और हाई-प्रोफाइल नेताओं का पार्टी से बाहर निकलने से कांग्रेस अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है।

Back to top button