लखनऊ/उत्तरप्रदेश

लखीमपुर के आरोपियों को बचा रही बीजेपी सरकार, कार्रवाई की मांग को लेकर लखनऊ में प्रियंका गांधी का मौन व्रत शुरू …

लखनऊ । लखीमपुर कांड में केंद्रीय गृहराज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी की बर्खास्तगी की मांग करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लखनऊ में मौन व्रत शुरू कर दिया है। गांधी प्रतिमा स्थल पर हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ प्रियंका ने मौन व्रत के साथ धरना शुरू किया है। प्रियंका के साथ कांग्रेस के तमाम बड़े नेता भी मौजूद हैं।

मौन व्रत शुरू करने से पहले प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों के साथ लखीमपुर में ह्रदय विदारक घटना हुई है। सरकार आरोपियों आशीष मिश्रा को बचाने में लगी रही। ऐसा कभी नहीं हुआ जैसा भाजपा राज में हो रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा की योगी सरकार उम्भा, हाथरस, उन्नाव, गोरखपुर लखीमपुर में आरोपियों के साथ खड़ी रही।

कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार, प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, आराधना मिश्रा, दीपक सिंह सहित कार्यकर्ता भी प्रियंका के साथ धरने पर बैठे हैं। वाराणसी में रविवार को किसान न्याय रैली में उमड़ी भारी भीड़ से उत्साहित प्रियंका गांधी ने लखनऊ के हजरतगंज में जीपीओ पार्क प्रांगण में गांधी प्रतिमा के पास मौन व्रत का ऐलान किया था। लखनऊ के साथ ही यूपी के सभी जिलों में कांग्रेस नेता मौन व्रत पर हैं। वाराणसी में पूर्व विधायक अजय राय के साथ भारत माता मंदिर में कांग्रेसियों ने मौन व्रत धारण किया हुआ है।

इससे पहले प्रियंका गांधी का राजभवन के बाहर दस बजे से मौन व्रत पर बैठने का कार्यक्रम था। लखनऊ में प्रियंका गांधी के मौन व्रत कार्यक्रम से पहले ही पुलिस काफी सजग हो गई है। कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले यहां पर पुलिस फोर्स तैनात रही। लखीमपुर खीरी में तीन अक्टूबर को हुई हिंसा में चार किसान समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। मामले के मुख्य आरोपी गृहराज्यमंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आशीष मिश्रा की शनिवार को गिरफ्तारी के बाद अब कांग्रेस की मांग मंत्री की बर्खास्तगी है।

Back to top button