मध्य प्रदेश

सफाई का सिक्सर, इंदौर लगातार छठी बार बना देश का सबसे स्वच्छ शहर, एमपी बना देश का सबसे साफ स्टेट, भोपाल गार्बेज फ्री सिटी, राष्ट्रपति ने दी बधाई …

भोपाल। स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 के नतीजों में एक बार फिर मध्यप्रदेश का डंका बजा। राजस्थान-महाराष्ट्र को पछाड़कर मध्यप्रदेश देश का सबसे स्वच्छ राज्य बन गया है। 100 से अधिक शहरों वाले स्टेट में मध्यप्रदेश नंबर-1 पर आया। वहीं, इंदौर ने सफाई का सिक्सर लगा दिया। लगातार छठीं बार इंदौर नंबर-1 पर आया। मध्यप्रदेश के भोपाल समेत कई शहरों ने अच्छी पॉजिशन पाई है।

पिछले सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश की रैंकिंग तीन थी। इसका कारण पिछले साल 2021 में सिटीजन फीडबैक यानी जनता की सक्रिय भागीदारी में मध्यप्रदेश का पिछड़ना था। इस कैटेगरी में देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर को भी 6 हजार अंक नहीं मिले थे। उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर जैसे शहर तो 5 हजार अंक भी नहीं ला पाए थे। इस बार सिटीजन फीडबैक में प्रदेश ने सबसे बेहतर काम किया है, जिससे मप्र के नंबर-1 बनने की उम्मीदों को बल मिला। राष्ट्रपति द्रोपती मुर्मू के हाथों सफाई का अवॉर्ड हासिल किया। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और कौशल किशोर मौजूद थे।

4355 शहरों ने हिस्सा लिया, इंदौर अव्वल

वर्ष 2016 में सिर्फ 73 शहर थे। तब भी इंदौर नंबर-1 पर रहा था। अब 4355 शहर इस दौड़ में शामिल थे। फिर भी इंदौर ने नंबर-1 का तमगा हासिल किया।

सफाई मित्र सुरक्षा-2022 में सर्वश्रेष्ठ शहर – तिरुपति

सर्वश्रेष्ठ साफ घाट – हरिद्वार

सबसे स्वच्छ कंटोनमेंट – देवलाली

फास्टेज मूर्वस सिटी – शिमोगा

सबसे स्वच्छ शहर: एक लाख से कम आबादी वाले शहरों में ये शहर रहे टॉप-3

नंबर वन – पंचगनी (महाराष्ट्र)

नंबर टू – पाटन (छत्तीसगढ़)

नंबर थ्री – कराड (महाराष्ट्र)

एक लाख से अधिक आबादी वाले टॉप-3 शहर

नंबर 1 – इंदौर (मध्यप्रदेश)

नंबर 2 – सूरत (गुजरात)

नंबर 3 – नवी मुंबई (महाराष्ट्र)

इंदौर ने लगाया पूरा जोर

इंदौर वर्ष 2017 से ही देशभर में नंबर-1 पर आ रहा है। अबकी बार इंदौर ने सिक्सर लगाने का पूरा जोर लगा दिया था। इसके लिए कई इनोवेशन भी किए गए। आखिरकार इंदौर ने सफाई का सिक्सर लगा ही दिया। मार्च-अप्रैल में सर्वेक्षण और डॉक्युमेंट अपलोड किए गए थे। जनता के फीडबैक को लेकर भी पूरा जोर लगाया गया।

राजधानी को संवारने में लगाया पूरा जोर

राजधानी में निगम ने सफाई और सजावट को लेकर ताकत झोंक दी। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन पर खास जोर दिया गया। सूखा और गीला कचरा अलग-अलग लिए गए। वहीं, गाड़ियों के गली-मोहल्लों में पहुंचने की टाइमिंग भी ठीक की गई। पार्कों की सजावट, नए पार्कों में इनोवेशन, फुटपॉथ और सेंट्रल वर्ज की धुलाई, डिवाइडर का रंगरोगन भी किया गया। रैली समेत स्वच्छता से जुड़े कई काम किए गए।

7500 अंकों का सर्वेक्षण

इस बार सर्वेक्षण 6000 की बजाए 7500 अंकों का हुआ है। इसमें जनता से फीडबैक, खुले में शौच, डोर-टू-डोर कचरा कनेक्शन, सौंदर्यीकरण जैसे प्रमुख बिंदू शामिल रहे। इनके अलावा इनोवेशन और दस्तावेजों के आधार पर भी अंक मिलेंगे।

दो साल में बढ़ी अवॉर्ड की संख्या

स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 में प्रदेश को कुल 27 सम्मान मिले थे। इसमें 18 शहर स्टार रेटिंग और 9 शहर स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए थे। वहीं, 2021 के सर्वेक्षण में कुल 35 अवॉर्ड मिले थे।

इंदौर-भोपाल के महापौर मौजूद

दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान के अलावा नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह भी शामिल हो सकते हैं। उनके अलावा इंदौर और भोपाल के महापौर, कमिश्नर समेत स्वच्छता से जुड़ा स्टॉफ भी दिल्ली जाएगा। भोपाल से सुबह फ्लाइट के जरिए अफसर रवाना होंगे।

Back to top button