मध्य प्रदेश

भारत जोड़ो यात्रा का छठवां दिन: इंदौर से उज्जैन के लिए रवाना हुए राहुल, साइकलिंग की, सांवेर रोड पर यात्रा रुकी

रास्ते में खड़े लोगों के बीच से दो युवकों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए, राहुल गांधी रुके और कहा- बुलाओ उन्हें, तब तक दोनों युवक भाग निकले

इंदौर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में आज छठा दिन है। राहुल गांधी शहर के बड़ा गणपति में भगवान गणेश के दर्शनों के बाद उज्जैन के लिए रवाना हुई। बड़ा गणपति पर सुबह से ही लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। इसमें विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, सचिन यादव, अरूण यादव पहुंच गए थे। रविवार को राहुल गांधी की यात्रा महू से इंदौर पहुंची थी। इंदौर पहुंचने के बाद रात को राहुल गांधी ने राजवाड़ा पर लोगों को संबोधित किया था। दिग्विजय सिंह भी सुबह बड़ा गणपति पहुंच गए थे। इनके साथ वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर भी शामिल हुए। यात्रा सुबह करीब सवा छह बजे बड़ा गणपति से शुरू हुई। यहां से जिंसी होते हुए आगे बढ़ी और मरीमाता चौराहे तक पहुंची। यात्रा ने करीब 20 मिनट में बड़ा गणपति से मरीमाता का सफर पूरा किया।

मरीमाता चौराहे से आगे राहुल गांधी की यात्रा के स्वागत के लिए दीपू यादव ने मंच लगा रखा था। इस मंच पर राहुल गांधी ने मलखंब पर प्रदर्शन कर रहीं बच्चियों का उत्साहवर्धन किया। कुछ देर के लिए वह वहां रूके रहे। राहुल गांधी कांग्रेस के विधायक संजय शुक्ला के निवास पर नहीं रूके। उन्होंने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। हालांकि पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी संजय शुक्ला के निवास पर रूकने वाले थे। कुछ आगे बढ़ने के बाद राहुल गांधी ने कुछ देर साइकलिंग भी की। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने राहुल गांधी के लिए साइकिल की व्यवस्था की थी। यहां से कुछ देर आगे बढ़ने के बाद सांवेर रोड पर स्थित मेरी मर्जी होटल के पास यात्रा कुछ देर के लिए रूकी।

राहुल की यात्रा में लगे ‘मोदी-मोदी के नारे’

इंदौर के मरीमाता चौराहे से राहुल गांधी की यात्रा सांवेर रोड मॉडर्न चौराहे के पास पहुंची। इसी दौरान यात्रा देखने के लिए रास्ते में सड़क किनारे खड़े लोगों में से 2 युवक मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। इस पर राहुल गांधी रुके और कहा- बुलाओ उन्हें। तब तक दोनों युवक भाग चुके थे। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक बड़ा गणपति से यात्रा जिंसी चौराहा से किला मैदान होते हुए मरीमाता चौराहा पहुंची। यात्रा वैष्णव कॉलेज के सामने रुकी है। भारत जोड़ो यात्री यहां दोपहर का खाना खाएंगे। यात्रा यहां साढ़े तीन बजे तक रहेगी। इसके बाद सांवेर के लिए रवाना होगी। रविवार को भारत जोड़ो यात्रा महू-राऊ के रास्ते इंदौर पहुंची थी। सोमवार को यात्रा सांवेर में नाइट स्टे करेगी। यहां से उज्जैन के लिए रवाना होगी।

भारत जोड़ा यात्रा अपडेट्स…

– राहुल गांधी का पहला पड़ाव पूरा हुआ। सांवेर रोड पर पेट्रोल पंप पर रुकी यात्रा। कुछ देर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस लेंगे।

– राहुल गांधी रेवती रेंज पर पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों से मिले।

– कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इंदौर में बड़ा गणपति चौराहे से शुरू हुई। यात्रा ने रास्ते में होटल मेरी मर्जी पर टी ब्रेक लिया।

– इंदौर के अरविंदो अस्पताल के सामने भारत जोड़ो यात्रा का ड्रोन से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

Back to top button