मध्य प्रदेश

सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा ने डीजीपी को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था लौटाई

भोपाल। इन दिनों सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा का एक बयान खूब चर्चा में है। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में उनकी जान को खतरा बताया था। इसी को लेकर विपक्ष ने खूब चुटकियां ली। इसके बाद उमाकांत शर्मा का सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे अपनी सुरक्षा वापस करने की बात कहते नजर आ रहे हैं, साथ ही उन्होंने आम नागरिक की तरह रहने की बात भी कही। उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक को भी एक पत्र लिखकर उनकी सुरक्षा में पदस्थ निजी सुरक्षा अधिकारियों को वापस करने की बात कही।
कांग्रेस ने बनाया था बड़ा मुद्दा
विधायक की जान को खतरा होने का वीडियो जैसे ही वायरल हुआ था, सभी दलों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी। पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने लटेरी के एक कार्यक्रम में कहा था कि यह सरकार की नाकामी है। यहां ना हिंदू खतरे में है ना मुसलमान खतरे में, यहां पर अगर कोई खतरे में है तो भाजपा का विधायक, वह भी भाजपा के शासन होने के बावजूद खतरे में है। वहीं, विपक्षी नेताओं ने कहा कि भाजपा के शासन में भाजपा का विधायक ही सुरक्षित नहीं है तो कानून व्यवस्था मध्यप्रदेश में कैसी होगी। इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। आमजन तो अपने आप को सुरक्षित महसूस कर ही नहीं सकता।

Back to top button