राजस्थान

सिरोही : जिला अस्पताल में अव्यवस्थाएं देख भड़के राज्यमंत्री देवासी

सिरोही.

राज्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सिरोही आए ओटाराम देवासी ने सिरोही जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी देख वे भड़क गए और जिम्मेदार अधिकारियों को लताड़ लगाई। निरीक्षण के दौरान देवासाी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से कुशलक्षेम पूछी और सुविधाओं की जानकारी ली। राज्यमंत्री बाथरूम, टूटे टॉयलेट और गंदगी देखकर भड़क गए।

उन्होंने कहा- अस्पताल का यह क्या हाल बनाकर रखा है, अब ये सब नहीं चलेगा। इस दौरान उन्होंने सीएमओ को 10 दिन के अंदर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोबारा अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांचने की बात कही। इसके बाद वे अस्पताल में भर्ती मरीजों से मिले और उनकी कुशलक्षेम पूछी। साथ ही अस्पताल में मिल रही दवाइयों और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।  
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेश कोठारी, जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित, प्रधान हंसमुख मेघवाल, जिला उपाध्यक्ष नारायण देवासी, ताराराम माली, जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री, नगर अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल, कुपाराम देवासी, संभाग मीडिया प्रभारी चिराग रावल, महिपाल चारण, जबरसिंह चौहान, बाबूसिंह, गोविंद माली, मणिदेवी, महेंद्र माली, कुलदीपसिंह, गोविंद सैनी, विकास रावल, जितेंद्र खत्री, कपूर पटेल, सुनील गुप्ता, गौरव काशीवा और लोकेश देवासी मौजूद रहे।
जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ की बैठक
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कृषि के आत्मा सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। इसमें देवासी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा में पात्र व्यक्तियों को केंद्र की योजनाओं से लाभान्वित करने आदेश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. भास्कर विश्नोई ने यात्रा के रूटचार्ट, शिविरों की प्रगति, कार्य प्रणाली, क्रियाकल्पों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। देवासी ने बैठक में बत्तीसा नाला और जवाई पुनर्भरण योजना एक निश्चित समयावधि में कार्य पूर्ण कर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं विभागों की बड़ी योजनाओं के लिए अलग से चर्चा करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

Back to top button