मध्य प्रदेश

शिवराज सरकार का विकास पर्व आज से, मुख्यमंत्री कुक्षी से करेंगे विकास पर्व का शुभारंभ

28 दिन में जनता को मिलेगी 2 लाख करोड़ से अधिक की सौगात

भोपाल। प्रदेश सरकार द्वारा रविवार से शुरू किए जा रहे विकास पर्व का शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान धार जिले के कुक्षी से करने जा रहे हैं। 14 अगस्त तक विकास पर्व मनाया जाएगा। इन 28 दिनों में सरकार प्रदेश में  2 लाख करोड़ से अधिक के विकास कार्योंं का लोकार्पण और भूमि पूजन किया जाएगा। इसके तहत मुख्यमंत्री कई जिलों में रात्रि विश्राम करेंगे।

इसी दरमियान 17 से 19 जुलाई तक स्कूल चलें हम अभियान चलेगा जिसमें स्कूली बच्चों से संवाद किया जाएगा। प्रदेश में कुछ माह बाद विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इस चुनाव में आदिवासी प्रमुख मुद्दा है, लिहाजा मुख्यमंत्री आदिवासी क्षेत्र धार जिले के कुक्षी से विकास पर्व की शुरुआत करने जा रहे हैं। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री दोपहर बाद आदिवासी बहुल बड़वानी जिले में पहला रोड शो करने जा रहे हैं। यह पहला चुनावी रोड शो भी कहा जा रहा है। मुख्यमंत्री बड़वानी में ही रात्रि विश्राम करेंगे।

17 जुलाई को मुख्यमंत्री शाजापुर जिले में प्रदेश के पहले सीएम राइज का लोकार्पण करने के साथ यहीं से स्कूल चलें हम अभियान को भी शुरू करने जा रहे हैं। इस दौरान जनसेवा यात्राओं, आम सभाओं और स्थानीय स्तर पर जनता के साथ संवाद के कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस दौरान बीना रिफायनरी का विस्तार और केन बेतवा लिंक योजना के भूमिपूजन शिलान्यास, 7245 करोड़ की 15 सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण, 36348 करोड़ की 13 सिंचाई परियोजनाओं का भूमि पूजन, 83 सीएम राइज स्कूलों का शुभारंभ, नव स्वीकृत मेडिकल कॉलेजों का भूमिभूजन, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग एवं सडक़ निर्माण के 21900 करोड रुपये से अधिक की लागत से 1207 कार्यों का भूमिपूजन, अमृत 2.0 अंतर्गत शहरी पेयजल परियोजनाओं 3000 करोड़ रुपये की राशि के कार्य,प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत लगभग 400000 हितग्राहियों का गृह प्रवेश, 10 नवीन महाविद्यालयों का भूमि पूजन, जल जीवन मिशन अंतर्गत 28471 करोड़ की राशि की 15450 समूह पेयजल परियोजनाओं का भूमि पूजन किया जाएगा।

Back to top button