नई दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शर्मनाक वाददात, अमेरिकी बुजुर्ग महिला से टूरिस्ट गाइड ने किया दुष्कर्म…

नई दिल्ली. देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से भारत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शाहदरा के विवेक विहार में अमेरिका की 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. एक टूरिस्ट गाइड शादी का झांसा देकर उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहा और दुष्कर्म को अंजाम दिया.

इस दौरान आरोपी ने पीड़िता के अश्लील फोटो लिए और वायरल करने की धमकी देकर डॉलर हड़पे. अमेरिकी दूतावास ने मामले में हस्तक्षेप किया और विवेक विहार थाने में पांच मई को केस दर्ज किया गया. पुलिस ने आरोपी 32 वर्षीय गगनदीप को शाहदरा में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया.

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उनके पति और पिता की मृत्यु हो चुकी है. वर्ष 2017 में वह अपने एक रिश्तेदार के साथ भारत घूमने आई थी. इस दौरान नवंबर में वह आगरा ताजमहल देखने गई थी, जहां उनकी मुलाकात टूरिस्ट गाइड गगनदीप सिंह से हुई. वह उनके साथ होटल में गया, जहां उसने हुक्के में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किया. होश आने पर आरोपी उनसे शादी का वादा करने लगा. वह उसके झांसे में आ गई.

इस बीच दोनों में नजदीकियां बढ़ी और विवेक विहार के सूरजमल विहार में दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे. इस दौरान आरोपी ने उनके साथ कई बार दुष्कर्म किया. लॉकडाउन में वह वापस अमेरिका चली गई. आरोपी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और लगातार फोन पर संपर्क में रहा. लॉकडाउन खत्म होने के बाद वह कई बार भारत आई और उसी के साथ रही.

2021 के अंत में जब वह भारत आई तो उन्हें पता चला कि आरोपी के कई महिलाओं के साथ संबंध हैं. आरोप है कि उन्होंने आगरा की पुलिस से मामले की शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की. दूतावास की तरफ से दिल्ली पुलिस कमिशनर को शिकायत की गई, इसके बाद विवेक विहार थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Back to top button