बिलासपुर

संत रविदास नगर में शैलेंद्र जायसवाल 11 हजार मतदाताओं के बीच चुनावी बिसात की तैयारी में

-:- नगर निगम के बड़े लड़ईया -:-

बिलासपुर। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रहे शैलेंद्र जायसवाल टिकट पाने में सफल तो रहे लेकिन 11 हजार मतदाताओं वाले वार्ड में घिरे नजर आ रहे हैं। राजनैतिक समीकरण के हिसाब से चुनाव आसान हो सकता है मगर कार्यकर्ताओं से लेकर मतदाताओं तक एक सप्ताह में सबको साधना चुनौती से कम नहीं है।

नगर निगम चुनाव में कांग्रेस खेमें से देखें तो शैलेंद्र जायसवाल एक बड़ा नाम है। पांच साल नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रहे और धरना-प्रदर्शन से लेकर नगर निगम की राजनीति में कांग्रेस को जिंदा रखे। शैलेंद्र जायसवाल की गिनती बिलासपुर के विधायक शैलेष पांडे के करीबियों में की जाती है। नेता प्रतिपक्ष होने के कारण उनका टिकट वार्ड क्रमांक 33 से तय माना जा रहा था लेकिन इस वार्ड से टिकट पाने में वे सफल नहीं रहे। यह वार्ड इसलिए भी महत्वपूर्ण था कि यहां मतदाताओं की संख्या 4 हजार से कम है। नामांकन दाखिले के दिन तक इनका टिकट तय नहीं हुआ और नाम वापसी के आखरी घंटे में इन्हें वार्ड क्रमांक 33 के बजाय 34 से प्रत्याशी बनाया गया। वह भी पूर्व में घोषित प्रत्याशी संतोष गर्ग की टिकट को काटकर।

वार्ड क्रमांक 34 संत रविदास नगर तीन वार्डों को मिलाकर बनाया गया है। यह गांधी नगर चौक से सिटी कोतवाली होते हुए तेलिपारा, अजित होटल, मेडिकल काम्पलेक्स, महुआ होटल, कश्यप कालोनी होते हुए सरजू बगीचा तक इस वार्ड में शामिल हैं। यहां लगभग 11 हजार मतदाता हैं। यहां बड़े व्यापारी हैं तो लगभग दो हजार से ऊपर गरीब तबके के लोग भी हैं। इस वार्ड में सिंधी समाज के मतदाता भी अधिक संख्या में हैं। इस समाज से इस बार प्रत्याशी नहीं है। इसका लाभ किसे मिलता है यह कहा नहीं जा सकता लेकिन यहां से भाजपा ने दुर्गा सोनी को प्रत्याशी बनाया है जो इस नगर निगम में पार्षद हैं। टिकट मिलने और कल नाम वापसी के बाद शैलेंद्र जायसवाल चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। उनके साथ अपूर्व तिवारी, अखिलेश गुप्ता, बबलू प्रजापति, राजू लाजेंवार, ओम कश्यप, विक्की आहूजा, शंकर कश्यप, अरविंद शुक्ला, शास्वत तिवारी, अमिर मेमन, हितेंद्र त्रिपाठी जैसे महत्वपूर्ण कार्यकर्ता हैं। अब एक सप्ताह के चुनाव प्रचार में कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को साधना आसान काम नहीं है। पार्षद चुनाव में सीधे मुलाकात महत्वपूर्ण होता है। शैलेंद्र जायसवाल नगर निगम में तो सक्रिय रहे लेकिन इस वार्ड के लिए कहीं जाना पहचाना तो कहीं नया चेहरा हैं। उनके टीम में जुड़े लोगों का कहना है कि एक दो दिनों में व्यवस्थित प्रचार होने लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button