मध्य प्रदेश

कांग्रेस का गंभीर आरोप, भाजपा अपने प्रदेश कार्यालय परिसर से सटी दुकानें खाली कराने लगवा रही आग

भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय (दीनदयाल भवन) के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में आग पर सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा है कि प्रदेश भाजपा कार्यालय से लगी दुकानों को खाली कराने के लिए बीजेपी उनमें आग लगवा रही है। यह आरोप कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता केके मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस काॅन्फ्रेंस में लगाए हैं। उन्होंने आग लगाने वाले का सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया, जिसमें एक युवक एक दुकान में आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है।
दरअसल, भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय को तोड़कर नया ऑफिस बनाया जा रहा है। गौरतलब है कि दीनदयाल उपाध्‍याय भवन परिसर से सटे कमर्शियल कांप्‍लेक्‍स में स्‍थित एक दुकान में गुरुवार रात आग लग गई थी। 7 नंबर स्टॉप क्षेत्र स्थित दीनदयाल उपाध्याय भवन को गिराने का काम 4 दिन पहले शुरू हो चुका है। 27 साल पहले 1991 में बनाए गए बीजेपी ऑफिस के साथ ही दुकानें भी बनाई गई थीं। बीजेपी ने इन दुकानों को भी खाली करने के लिए कहा, लेकिन दुकानदारों ने इनकार कर दिया है। इन दुकानदारों के समर्थन में कांग्रेस भी उतर आई है। मिश्रा ने कहा-कि भाजपा का मजबूत मुख्यालय 27 साल पहले बनाया गया। इसे दीनदयाल परिसर कहा जाता है। जब भाजपा आर्थिक संकट से जूझ रही थी, तब उस समय के नेताओं ने इस कार्यालय को महज ढाई करोड़ रुपए में बनाया था। कहा जाता है कि दो करोड़ रुपए कार्यकर्ताओं से जुटाए गए थे। 50 लाख रुपए संघ की विचारधारा में काम करने वाले लोगों को दुकान देने के नाम पर लिए थे। कार्यालय की जमीन को तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह ने आवंटित किया था। इस बिल्डिंग को भोपाल नगर निगम ने जर्जर घोषित नहीं किया है। बावजूद इसे तोड़ा जा रहा है।
मिश्रा ने कहा कि भाजपा आपराधिक मानसिकता की पार्टी है। राजधानी भोपाल के बेशकीमती क्षेत्र ई-2 अरेरा कालोनी स्थित मजबूत पार्टी मुख्यालय भवन को बुलडोजर से ध्वस्त कर वहां 10 मंजिला इमारत बनाना केवल राष्ट्रीय हानि है। दीनदयाल उपाध्याय भवन परिसर से सटी दुकानों में काबिज़ दुकानदारों को बेसमेंट में जिस तरह प्रायोजित आग लगवाकर उन्हें भयाक्रांत किया जा रहा है और विवशतावश बेदखल करने का वातावरण निर्मित किया जा रहा है। वह भाजपा के तालिबानी चरित्र को दिखा रहा है। केके मिश्रा ने कहा कि गुरुवार रात आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई, हबीबगंज थाने में आग की घटना की एफआइआर भी दर्ज हुई है। लेकिन, सीसीटीवी फुटेज में चिन्हित आरोपित की शिनाख्त हो जाने के बाद भी भाजपा के दबाव में हबीबगंज पुलिस ने गिरफ्तारी तो दूर, उससे पूछताछ भी नहीं की। उन्होंने दावा किया कि चिन्हित आरोपी भाजपा कार्यकर्ता है।
श्री मिश्रा ने कहा कि जिस तरह भाजपा ने न्यूनतम किराए पर पुराना आरटीओ दफ्तर भवन व उसका विशाल परिसर लिया है, वह भी न्यायसंगत नहीं है। क्या कोई राजनीतिक दल किसी सरकारी विभाग के कार्यालय का भवन और उसका परिसर एक लंबे समय के लिए किराए पर ले सकता है? उन्‍होंने मांग की कि भाजपा और परिवहन विभाग के बीच हुए समझौते, करार के दस्तावेज भी सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की हैं कि मामले में उस नेता और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर कार्रवाई की जाए।
प्रज्ञा ठाकुर को बताया आतंकी
उन्होंने सीडी को लेकर हो रही सियासत के बीच प्रज्ञा सिंह ठाकुर को भी निशाने पर लिया। मिश्रा ने कहा कि दुर्भाग्य से वह चुनी हुई सांसद हैं, उसके अलावा वह सिर्फ आतंकी हैं। डाक्टर गोविंद सिंह के बारे में टिप्पणी करने से पहले वे स्वयं को देखें कि वो क्या हैं। प्रज्ञा ठाकुर अभी भी न्यायालय में आरोपित हैं। अपने ही साथी की हत्यारन हैं।
भाजपा ने किया पलटवार: कहा- आग लगाने का काम कांग्रेस ने किया
इस पर भाजपा कार्यालय प्रभारी भगवान दास सबनानी ने कहा कि मुझे लगता है कि कांग्रेस के प्रवक्ता को अपने जवाहर भवन और इंदिरा भवन की चिंता करनी चाहिए। भाजपा ने जब जैसी जरूरत हुई, उस हिसाब से कार्यालय को बनाया है। कार्यकर्ताओं के खून-पसीने की कमाई से, सहयोग से निर्माण हो रहा है, उनके पेट में दर्द नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 1984 के दंगे में भी आग लगाने का काम किन नेताओं ने किया… ये आज यहां जो मध्यप्रदेश का नेतृत्व करते हैं, उनके तार दिल्ली की उन घटनाओं से जुड़े हैं। देश में भड़काने का और आग लगाने का काम कांग्रेस ने किया है। कांग्रेस को लगता है कि इसी प्रवृत्ति से दूसरे लोग करते हैं। भाजपा अहिंसा के रास्ते पर चलने वाला काम करती है। देखना पड़ेगा कि जो वीडियो जारी किया गया, उसका मकसद क्या है। कौन व्यक्ति है और क्या करना चाहता है? दुकानदारों से बातचीत हो गई है। उन्होंने सहमति दे दी है।

Back to top button