लखनऊ/उत्तरप्रदेश

सनातन संघ योगी को देगा ज्ञानवापी केस की पावर ऑफ अटार्नी, बैंक खाता और उसमें जमा रुपए भी देने की घोषणा …

वाराणसी। विश्व वैदिक सनातन संघ ज्ञानवापी केस से जुड़े पांच मुकदमों की पीओए योगी को सौंपेंगा। इसकी घोषणा विश्व वैदिक सनातन संघ के प्रमुख जितेंद्र विसेन ने की है। इसके साथ ही उन्होंने एक और महत्वपूर्ण घोषणा की है। विसेन ने कहा कि विश्व वैदिक सनातन संघ और अपने परिवार के सभी सदस्यों के बैंक खातों में दो वर्ष से लेकर 31 अक्तूबर तक जमा पूरा पैसा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपेंगे।

विसेन ने बताया कि परिवार में उनके अलावा पत्नी किरन सिंह विसेन, दत्तक पुत्र सूरज सिंह विसेन, भतीजी राखी सिंह और दामाद इंद्रजीत सिंह का बैंक अकाउंट है। सभी के बैंक अकाउंट और विश्व वैदिक सनातन संघ के बैंक अकाउंट में 31 अक्तूबर तक जितना पैसा जमा है, बैंक स्टेटमेंट के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दे दिया जाएगा। इससे संबंधित कागजी प्रक्रिया को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।

विसेन की देख-रेख में ही पांच महिला वादियों में से एक वादी का केस लड़ा जा रहा है। पावर ऑफ अटार्नी के लिए जरूरी कानूनी कार्रवाई को 15 नवंबर तक मूर्त रूप दे दिया जाएगा। सनातन संघ के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि सीएम योगी जब वह इस केस से जुड़ेंगे तो साजिश रचने वाले भाग खड़े होंगे।

विश्व वैदिक सनातन संघ के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संतोष सिंह ने पावर ऑफ अटार्नी सौंपने के तीन कारण गिनाए। कहा कि पहला, हमारे अधिवक्ताओं और वादियों को संतोषजनक तरीके से पर्याप्त सुरक्षा नहीं उपलब्ध कराई गई। इसके लिए कई बार अधिकारियों से बातचीत भी की गई। दूसरा, ज्ञानवापी परिसर में हुई कमीशन की कार्रवाई के वीडियो और फोटो लीक हुए। इसकी CBI जांच की मांग की गई, लेकिन उस पर आज तक सुनवाई नहीं हुई। और तीसरा कारण, विश्व वैदिक सनातन संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एक साजिश के तहत जेल भेजने का काम किया गया। ताकि, वह डर जाएं और ज्ञानवापी से जुड़े मुकदमे लड़ना छोड़ दें।

संतोष सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ वह हिंदुत्व के लिए ही जीते हैं, हिंदुत्व के लिए ही काम करते हैं। जब वह इस केस से जुड़ेंगे तो साजिश रचने वाले भाग खड़े होंगे। कहा कि यदि सीएम योगी पावर ऑफ अटार्नी स्वीकार नहीं करेंगे तो ज्ञानवापी से जुड़े मुकदमों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। विश्व वैदिक सनातन संघ अब भी अपने दम पर सभी मुकदमे लड़ रहा है और आगे भी लड़ता रहेगा।

Back to top button