राजस्थान

आरपीएससी के वाहन चालक को पेपर लीक में किया गया सेवा से बर्खास्त

अजमेर.

राजस्थान लोकसेवा आयोग द्वारा वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2022 के तहत 24 दिसंबर 2022 को आयोजित होने वाली सामान्य ज्ञान प्रश्न-पत्र की परीक्षा को पेपर लीक की सूचना प्राप्त होने पर स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद यह परीक्षा 29 जनवरी 2023 को पुनः आयोजित करवाई गई थी।

पेपर लीक के इस प्रकरण में विभागीय जांच के बाद निलंबित वाहन चालक गोपाल सिंह को राजकीय सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। आयोग सचिव द्वारा सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि राजस्थान सिविल सेवा की आचरण नियमावली के स्पष्ट उल्लंघन की पुष्टि होने पर आरोपी कार्मिक पर लगे समस्त आरोप सही पाए जाने के बाद वाहन चालक गोपाल सिंह को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। जानकारी के अनुसार 27 दिसंबर 2023 को आरोप विवरण-पत्र जारी कर निलंबित वाहन चालक गोपाल सिंह के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी। जिसमें यह प्रमाणित हुआ कि गोपाल सिंह पेपर लीक के आरोपी अनिल कुमार मीणा से पेपर लीक कराने से पूर्व कई दिनों से संपर्क में था और आरोपियों की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद गोपाल सिंह ने इसकी सूचना आयोग प्रशासन को नहीं दी।

जांच अधिकारी ने मामले की पूरी जांच करने के बाद 8 अप्रैल 2024 को गोपाल सिंह को सेवा से बर्खास्त किए जाने के आदेश पारित किए। उल्लेखनीय है कि गोपाल सिंह दिनांक 2 मई 2023 से न्यायिक हिरासत में है।

Back to top button