मध्य प्रदेश

गेस्ट हाउस में रेड: संदिग्ध हालत में मिले 3 लड़के और 4 लड़कियां, आपत्तिजनक सामग्री बरामद

ग्वालियर पुलिस बोली- बर्थडे पार्टी थी,  लोगों का आरोप- सेक्स रैकेट चल रहा

ग्वालियर। शहर की सबसे पुरानी पॉश कॉलोनी गांधी नगर में संचालित हो रहे कुछ गेस्ट हाउसों में चल रही अवांछित गतिविधियों के कारण स्थानीय निवासियों में आक्रोश है। तमाम शिकायतों के बावजूद जब पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो कॉलोनी के लोगों ने ही मिलकर एक गेस्ट हाउस पर छापा मार दिया। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि वहां कमरों में शराब, आपत्तिजनक सामग्री सहित सात लड़के और लड़कियां भी मिले, जिन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उन्होंने इसके वीडियो भी बनाए।

रहवासियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक गेस्ट हाउस से 4 युवतियों और 3 युवकों को पकड़ा है। युवक-युवतियों को पुलिस थाने ले गई। बाद में पुलिस ने कहा कि युवक-युवती बर्थडे पार्टी सेलिब्रेट कर रहे थे। जबकि, लोगों का आरोप है कि गेस्ट हाउस में सेक्स रैकेट चल रहा था। अक्सर यहां लड़कियां आती रहती हैं। मामला ग्वालियर के गांधी नगर इलाके के ड्रीमलैंड गेस्ट हाउस का है। पकड़ी गई युवतियां दिल्ली, तो युवक ग्वालियर के ही बताए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप: शराब पीकर उत्पात मचाते हैं युवक-युवतियां

ग्वालियर के पड़ाव थाना इलाके का गांधीनगर शहर की सबसे पॉश और संभ्रांत नागरिकों वाली कॉलोनी मानी जाती है। यह रेलवे स्टेशन के एकदम पास है। धीरे-धीरे इस कॉलोनी में कॉमर्शियल गतिविधियां शुरू हुईं। नर्सिंग होम खुले और फिर अनेक गेस्ट हाउस संचालित होने लगे। यहां काफी गेस्ट हाउस और होटल हैं। गांधी नगर कॉलोनी वालों का आरोप है कि इनमे गेस्ट हाउस की आड़ में सारी अवैधानिक गतिविधियां होती हैं। देर रात तक संदिग्ध लड़के और लड़कियों की पार्टियां होती हैं। ये देह व्यापार के अड्डे बन गए हैं। इनके कारण यहां रहना मुश्किल हो गया है। यहां संदिग्ध हथियारबन्द बाहुबली घूमते रहते हैं। यहां के आई ब्लॉक में ड्रीमलैंड नाम से गेस्ट हाउस संचालित हो रहा है। इसे लेकर लोगों का कहना है कि वे कई बार शिकायतें कर चुके हैं। कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है। कहीं न कहीं पुलिस की मिलीभगत से गेस्ट हाउस में सेक्स रैकेट चल रहा है। लोगों का आरोप है कि गेस्ट हाउस में लड़कियों का आना-जाना लगा रहता है। इतना गंदा माहौल हो जाता है कि शाम 5 बजे के बाद घरों की छतों पर तक नहीं जा सकते। आद दिन गेस्ट हाउस पर आने वाले लड़के-लड़कियां शराब पीकर उत्पात मचाते हैं।

पुलिस का दावा: दोस्त का बर्थडे मनाने के लिए गेस्ट हाउस में ठहरे थे

पुलिस का कहना है कि गेस्ट हाउस में कोई सेक्स रैकेट नहीं चल रहा था। वहां बर्थडे पार्टी चल रही थी। पार्टी में शामिल होने के लिए युवतियां आई थीं। सभी दोस्त का बर्थडे मनाने के लिए गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। सीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि गेस्ट हाउस के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों की शिकायत पर रेड की गई थी। युवक-युवतियों को थाने लाकर पूछताछ की गई है। गेस्ट हाउस के मालिक से भी पूछताछ की गई है। सारे तथ्य सामने आने के बाद ही कोई कायमी की जाएगी।

पुलिस नहीं आई तो खुद घेरा

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि ड्रीमलैंड गेस्ट हाउस में अनेक संदिग्ध युवक और युवतियां आये हुए थे। वहां कुछ लोग शराब के नशे में झूमते हुए निकल रहे थे। इस बात से स्थानीय महिलाएं परेशान हो गईं। उनसे खबर मिलने पर स्थानीय लोग एकजुट हुए। उनका कहना है कि पहले उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कॉल कर बताया, लेकिन पुलिस के नहीं पहुंचने पर लोगों ने खुद ही छापा मारा और वहां लड़के-लड़कियों के नशे में और संदिग्ध हालत में मिलने पर फिर पुलिस को कॉल किया।

कमरों में शराब, सिगरेट और आपत्तिजनक सामग्री

नागरिकों ने साथ जाकर 4 युवतियां और 3 युवकों को पुलिस के हवाले किया, जिसमें से एक नशे में भी था। फिर पुलिस को ले जाकर कमरों की दशा बताई, वहां शराब की बोतलें, सिगरेट के खाली और भरे पैकेट के अलावा फर्श पर यूज किए कंडोम और टेबल पर आपत्तिजनक सामग्री के पैकेट पड़े मिले।

Back to top button