नई दिल्ली

राहुल बोले ‘हवा’, जयराम कहे ‘बी-टीम’, फिर भी आम आदमी पार्टी की मदद लेने तैयार कांग्रेस ..

गांधीनगर। इसे कांग्रेस का बड़प्पन कहें या कुछ और। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष समेत ज्यादातर नेता आप पार्टी को भाजपा की बी टीम करार दे रहे हैं लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस आप पार्टी का समर्थन लेने को तैयार है। गुजरात चुनाव में कांग्रेस एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के दो दशक से ज्यादा पुराने शासन को खत्म करने की कोशिश में मैदान में है। अब इसके लिए पार्टी के नेता आम आदमी पार्टी समेत किसी भी दल का समर्थन लेने के लिए तैयार हैं। हालांकि, इसके विपरीत पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी प्रदेश में जीत का दावा कर रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने आप की मौजूदगी को ‘हवा’ भी बताया है।

‘भारत जोड़ो’ यात्रा के जरिए कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर तक की दूरी तय कर रहे राहुल फिलहाल तेलंगाना में हैं। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था, ‘कांग्रेस गुजरात में असरदार तरीके से चुनाव लड़ रही है। आप केवल हवा में है। जमीनी स्तर पर उसका कुछ नहीं है। गुजरात में कांग्रेस सॉलिड पार्टी है।’ साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात में भाजपा के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर है।

गुजरात कांग्रेस की कमान संभाल चुके और पूर्व केंद्रीय मंत्री भरतसिंह सोलंकी दावा कर रहे हैं कि पार्टी को आप का समर्थन लेने में ‘कोई आपत्ति’ नहीं है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, एक वीडियो क्लिप में सोलंकी को कहते हुए सुना जा सकता है, ‘शंकरसिंह जी हों, छोटूभाई वसावा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी या कोई भी हो। अगर आम आदमी पार्टी अपना समर्थन कांग्रेस को देगी तो हम ले लेंगे। हमें कोई आपत्ति नहीं है…  हम समर्थन लेंगे।’

रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है, ‘हमें भाजपा जैसी फासीवादी सांप्रदायिक पार्टी खिलाफ लड़ना होगा, जो जनता विरोधी है। बढ़ती कीमतें हों, जहरीली शराब हो, मोरबी हो… ऐसे हालात से हमारी रक्षा कौन करेगा। हम ऐसे लोगों को साथ लेकर चलना चाहते हैं।’

सोलंकी ने कहा था, ‘अगर आम आदमी पार्टी पूरे गुजरात में हमारे उम्मीदवारों का समर्थन करती है, तो इसमें गलत क्या है?’ हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से नहीं, बल्कि अपनी बात कह रहे हैं।

कांग्रेस आप को भाजपा की ‘बी-टीम’ भी बता रही है। साथ ही पार्टी का कहना है कि असली मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि आप साल 2012 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ समर्थित आंदोलन से निकली है। उन्होंने कहा, ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन आरएसएस का संगठन था और आप वहां से निकली है।’

गुजरात में आप की मौजूदगी को लेकर उन्होंने कहा, ‘यह सच है कि पंजाब सरकार और दिल्ली सरकार के जरिए कई प्रचार किए गए। मीडिया में आप का बबल बनाया या। लेकिन अगर आप कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों के लिहाज से जमीनी स्तर पर देखेंगे, तो गुजरात में जंग भाजपा और कांग्रेस के बीच है।’

सूरत नगपालिका चुनाव में आप ने 27 सीटों पर जीत हासिल की थी। जबकि, कांग्रेस को सभी सीटों पर हार गई थी। कहा जा रहा है कि उस जीत के सहारे आप गुजरात चुनाव पर भी असर डालने की तैयारी कर रही है। पार्टी ने गोपाल इटालिया जैसे कई नामों को शामिल किया है, जो पाटीदार आंदोलन से जुड़े रहे थे।

खबरें हैं कि आप भाजपा के गढ़ कहे जाने वाले शहरी और अर्ध शहरी क्षेत्रों में चुनौती देने की कोशिश में है। वहीं, बीते दो चुनाव में इन क्षेत्र में कांग्रेस खास असर छोड़ने में नाकाम रही है।

Back to top button