मध्य प्रदेश

संस्कारधानी जबलपुर पहुंची प्रियंका : ग्वारीघाट पर किया नर्मदा पूजन

कुछ ही देर में शहीद स्मारक पर जनसभा को करेंगी संबोधित

जबलपुर। अपने एक दिन के मध्यप्रदेश दौरे पर आईं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने जबलपुर पहुंचकर सबसे पहले ग्वारीघाट पर मां नर्मदा का पूजन किया। यहां 101 ब्राह्मणों के साथ नर्मदा पूजन करने के बाद उन्होंने महाआरती की। प्रियंका के साथ पूर्व सीएम कमलनाथ, सांसद विवेक तन्खा और पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया सहित अन्य कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद हैं।

प्रियंका गांधी को मां नर्मदा को अर्पित की गई चुनरी और गणेश भगवान की प्रतिमा भेंट स्वरूप दी गई है। प्रियंका ने यहां मौजूद सभी लोगों के साथ मां नर्मदा को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। नर्मदा पूजन के बाद वे शहीद स्मारक पहुंच गई हैं, जहां वे जनसभा को संबोधित कर मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगी। शहीद स्मारक से पूर्व वे भंवरताल गार्डन गईं, जहां रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रियंका गांधी आज जबलपुर में करीब तीन घंटे रहेंगी। इस दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर चाक चौबंध इतंजाम किए गए हैं। पुलिस को प्रियंका की सुरक्षा को लेकर खतरे का इनपुट भी मिला है। जबलपुर के एएसपी समर वर्मा के मुताबिक विशेष सतर्कता के चलते 200 अफसर और जवान प्रियंका गांधी की सुरक्षा में तैनात किए गए हैं।

कांग्रेस ने पूरे शहर में हनुमान जी की 30-30 फीट की गदा लगाई हैं, जो न्याय की विजय का प्रतीक हैं। गोल बाजार में एक लाख वर्ग फीट का डोम प्रियंका गांधी की सभा के लिए बनाया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता रक्तदान शिविर लगाकर नौजवानों के खून की एक बूंद राष्ट्र निर्माण के लिए भेंट करेंगे और एकत्र किया गया रक्त ब्लड बैंक को दान किया जाएगा। प्रियंका गांधी रक्तदान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शंकराचार्य चौक भी जाएंगी।

Back to top button