लखनऊ/उत्तरप्रदेश

प्रियंका गांधी ने महिलाओं और लड़कियों को राजनीति में आने का किया आह्वान…

लखनऊ। प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हुई अपराध को देखते हुए अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने का ऐलान किया है। कांग्रेस महासचिव ने एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यह बात कही।

प्रियंका ने विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही महिलाओं-लड़कियों से राजनीति में आने और अपने हक की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश भर की महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होना पड़ेगा। जब कोई महिला अपने अधिकारों की लड़ाई लड़े तो सवाल उठाने की बजाए उसके साथ खड़ा होना चाहिए।

एक सवाल के जवाब में प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को टिकट मेरिट के हिसाब से देगी। वे कितना काम कर रही हैं। क्षेत्र में कितने लोग उन्हें जानते हैं, ये सब आधार बनेगा। प्रियंका ने महिलाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आपके हक की लड़ाई लड़ने के लिए कोई और नहीं आएगा। आपको ही आगे आना होगा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि अभी कांग्रेस ने 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने का ऐलान किया है लेकिन आगे चलकर इसे 50 प्रतिशत किया जाएगा। उन्होंने ने कहा कि महिलाओं को जाति, धर्म, सम्‍प्रदाय से ऊपर उठना होगा। हमें एकजुट होकर संघर्ष करना है।

Back to top button