मध्य प्रदेश

बापू के प्रिय भजन- वैष्णव जन तो तेने कहिये से हुई प्रवासी भारतीय सम्मेलन की शुरुआत

यह भजन जी-20 समूह के 20 देशों के कलाकारों द्वारा अपनी-अपनी भाषा में प्रस्तुत किया गया।

इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में 17वें प्रवासी भारतीय सम्मेलन की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजन वैष्णव जन तो तेने कहिये… से हुई है। विशेष यह कि जी-20 समूह के 20 देशों के कलाकारों द्वारा यह भजन अपनी-अपनी भाषा में प्रस्तुत किया गया। भारत इस वर्ष जी-20 देशों की अध्यक्षता कर रहा है। समूह में शामिल सभी देशों के कलाकारों की ओर से अपनी भाषा में यह भजन रिकार्ड करवाया गया।

प्रवासी भारतीयों के लिए रविवार सुबह सात बजे हेरिटेज वाक रखी गई थी। लेकिन वहां पर कोई भी मेहमान नहीं पहुंचा।

9.30 : विदेश मंत्रालय के सचिव डा. ओसफ सईद स्वागत संबोधन हुआ

9.35 : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने संबोधित किया

9.50 : सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भाषण दिया

10.05 : गेस्ट ऑफ आनर जेनेटा मस्करेहंस का उद्बोधन हुआ

10.25 : विदेश मंत्री एस जयशकर का संबोधन

11.00 : प्लेनरी सेशन: रोल आफ डायस्पोरा यूथ इनोवेशन एंड न्यू टेक्नोलाजिस

3.00 : पहला सेशन टेक्सटाइल और गारमेंटस, दूसरा आइटी/ आइटीइएस में मप्र का सिनोरियो कैसे बदला, तीसरा सेशन हेल्थ केयर और फार्मास्युटिकल इवेस्टमेंट में री-शेपिंग द ग्लोबल हेल्थ वैल्यू जैसे विषयों पर चर्चा।

4.30 : इन्वेस्ट इन मध्य प्रदेश, द फूड बास्केट, स्टार्टअप ईको सिस्टम में मप्र की स्ट्रैंथ व अन्य सत्र

7.00 : मप्र का लोकनृत्य व संगीत प्रस्तुतियां।

देश का दिल मध्य प्रदेश और आप दिल के टुकड़े

इससे पूर्व प्रवासी भारतीय सम्मेलन शुरू होने की पूर्व संध्या पर शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इंदौर पहुंचे। अंबर गार्डन में फ्रेंड्स आफ एमपी चैप्टर के लीडर्स व डेलिगेट्स के लिए आयोजित कार्यक्रम में वे न्यूजीलैंड, आस्ट्रेलिया, यूके, यूएई सहित अन्य देशों से आए प्रवासी मेहमानों से मिलकर गदगद हुए। यहां उन्होंने दिल छूने वाली बात कही। वे बोले- मध्य प्रदेश देश का दिल है और आप दिल के टुकड़े।

सीएम ने कहा- यह इंदौर के लिए दुर्लभ अवसर

इससे पूर्व शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रवासी भारतीय फोरम का वर्चुअली शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि यह इंदौर के लिए दुर्लभ अवसर है और इंदौर प्रवासी भारतीयों के स्वागत के लिए तैयार है। इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि प्रवासी भारतीय सम्मेलन का आयोजन इंदौर में 8-10 जनवरी 2023 को किया जाएगा। सीएम ने जबलपुर से वर्चुअली इंदौर प्रवासी भारतीय फोरम का शुभारंभ किया। इस दौरान इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में वर्चुअली चर्चा आयोजित की गई जिसमें 200 से ज्यादा प्रवासी ऑनलाइन जुड़े और 100 लोग मौके पर मौजूद रहे। इस अवसर पर मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, मेयर पुष्यमित्र भार्गव, अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद थे।

कब से और क्यों किया जाता है प्रवासी सम्मेलन का आयोजन

बता दें कि भारत सरकार द्वारा हर साल 9 जनवरी को प्रवासी भारतीय दिवस के तौर पर मनाया जाता है। दरअसल महात्मा गांधी इसी दिन साल 1915 में दक्षिण अफ्रीका से स्वदेश वापस आए थे। उन्हीं के सम्मान में हर साल 9 जनवरी को प्रवासी दिवस मनाया जाता है। साल 2003 में प्रवासी भारतीयों को देश से जोड़ने के मकसद से दिल्ली में 9-11 जनवरी तक पहली बार प्रवासी भारतीय सम्मेलन का आयोजन किया गया था। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने इसकी शुरुआत की थी। उसके बाद से हर साल जनवरी में प्रवासी भारतीय सम्मेलन का आयोजन किया जाता है। इस दौरान अपने क्षेत्र में विशेष उपलब्धि पाने वाले भारतवंशियों को सम्मानित किया जाता है। प्रवासी भारतीय सम्मेलन का उद्देश्य अप्रवासी भारतीयों की भारत के प्रति सोच, अभिव्यक्ति और सकारात्मक बातचीत के लिए मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही दुनिया के सभी देशों में अप्रवासी भारतीयों का नेटवर्क बनाना और युवा पीढ़ी को देश से जोड़ना है।

सीएम बोले- इंदौर को सबसे समृद्ध बनाना है

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की प्रतिभाएं देश-दुनिया में धूम मचा रही हैं। उसी तरह से पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत देश दुनिया में धूम मचा रहा है। हम सभी एमपी के निवासी और देश दुनिया में रहने वाले इंदौरी मिलकर मध्य प्रदेश और इंदौर को दुनिया का सबसे समृद्ध शहर बनाने में सहयोग करेंगे। जिस तरह से आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जा रहा है, उसी तरह से एमपी में भी आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनाने का काम कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इंदौर के लिए दुर्लभ समय है। प्रवासी भारतीयों को इंदौर के होटल में रुकने के स्थान पर होम स्टे की भी व्यवस्था की जाए। अतिथि भगवान का रूप होते हैं और इंदौरी इसके लिए तैयार हैं। कई संस्थानों द्वारा प्रवासी भारतीय को उनके यहां आने पर डिस्काउंट और निशुल्क सेवाएं भी उपलब्ध कराने की सहमति दी गई है।

मेयर ने कहा- दुनिया की इंदौर पर नजर

मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर स्वच्छता में नंबर वन शहर है इसलिए इसका चयन प्रवासी सम्मेलन के लिए किया गया है। साथ ही इंदौर ने स्वच्छता के लिए जिस तरह से जनसंवाद, जनभागीदारी से हर मोर्चे पर काम किया है, उसी का परिणाम है कि देश दुनिया की नजर इंदौर पर है। प्रवासी सम्मेलन के आयोजन को किस तरह ऐतिहासिक बनाया जाए, इस पर प्रवासियों से चर्चा की गई।

Back to top button