मध्य प्रदेश

पीएम नरेंद्र मोदी का ऐलान, 2024 तक कोई भी गरीब झोपड़ी में नहीं रहेगा, 4.5 लाख लोगों को कराया गृह प्रवेश …..

सतना। प्रधानमंत्री ने कहा है कि यह पहला मौका है जब मध्यप्रदेश के साढ़े चार लाख लोग धनतेरस के दिन गृह प्रवेश कर रहे हैं। अब इन लोगों को अपने सपनों को सच करने की नई ताकत मिली है। आज घर में खुशियां और नए संकल्प लेने का भी दिन है। आज मध्यप्रदेश के 4 लाख 51 हजार परिवार अपने नए घरों में प्रवेश कर धनतेरस मना रहे हैं। बहनें अपने घर की मालकिन बनी हैं। अपने नए घरों से उन्हें सपनों को सच करने की नई ताकत मिली है। यह दिन उनके लिए केवल गृह-प्रवेश का ही नहीं, बल्कि नई खुशियाँ, नए संकल्प, नए सपने, नई उमंग और नया भाग्य लेकर आया है।

नरेंद्र मोदी शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मध्यप्रदेश के लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने हितग्राहियों को वर्चुअली गृह-प्रवेश कराया। उन्होंने रिमोट से गृह-प्रवेशम शिला-पट्टिका का अनावरण किया।  उन्होंने कहा कि कई पीढ़ियों बाद अब गरीब खुद के घर में दीवाली मनाएगा। इस दीवाली के दिए का प्रकाश उनके लिए नई रोशनी लेकर आएगा। उन्होंने सभी को धनतेरस और दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नया घर उनकी प्रगति का माध्यम बने।

पीएम आवास देश में सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव का माध्यम बन रहे हैं। यह केवल घर नहीं, सम्पूर्ण घर हैं, इनमें शौचालय, गैस, बिजली कनेक्शन सहित नल जैसी मूलभूत सुविधाएँ हैं। घरों के साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी इन हितग्राहियों को दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में सतना के बीटीआई मैदान पर हुए मुख्य कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया, सतना के प्रभारी एवं वन मंत्री कुंवर विजय शाह सहित जन-प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मप्र में पीएम आवास निर्माण का कार्य तेज गति से चल रहा है। अब तक लगभग 30 लाख आवास मध्यप्रदेश में बनाए जा चुके हैं और इनके निर्माण पर लगभग 22 हजार करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। मध्यप्रदेश में 50 हजार से अधिक राजमिस्त्री प्रशिक्षित किए गए हैं। इनमें 9 से 10 हजार बहनें हैं। बहनों को नई कला सिखाने का यह बहुत बड़ा कार्य है।

इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनकी टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि ए आवास न केवल हितग्राहियों बल्कि पूरे गाँव एवं क्षेत्र के लिए नई तरक्की लेकर आ रहे हैं। इनके निर्माण में जो सामग्री उपयोग की जा रही है, वह आसपास के क्षेत्र की फैक्ट्री और दुकानों से ही ली जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार मुफ्त की रेवड़ी नहीं बांटती। देश में नागरिकों को मूल सुविधाओं के साथ तेजी से जोड़ा जा रहा है। बुनियादी सुविधाओं से युक्त पक्के घरों के साथ ही सड़कें, अस्पताल, स्कूल, कॉलेज, गाँव-गाँव ऑप्टिकल फाइबर आदि सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। देश में गरीबी हटाने के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना में गरीबों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है।

सरकार इस बात का पूरा ध्यान रख रही है कि टैक्स पेयर्स के पैसे का पूरा सदुपयोग हो। गरीबों को मुफ्त राशन, आयुष्मान योजना से मुफ्त इलाज उनके पैसे का सही उपयोग है। सरकार ने मुफ्त टीकाकरण से गरीब और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी है।

मोदी ने कहा कि सरकार किसानों का पूरा ध्यान रखती है। 2000 रुपए से ज्यादा की यूरिया की बोरी खरीदती है और उसे 260 रुपए में किसान को देती है। किसानों की सुविधा के लिए अब खाद की बोरी ‘भारत’ के नाम से ही आएगी और उस पर उसकी कीमत भी लिखी होगी। किसान उससे ज्यादा कीमत न चुकाएं। विभिन्न योजनाओं का पैसा अब सीधे ही हितग्राहियों के खातों में जा रहा है। सरकार ने तकनीकी का उपयोग कर सामान्य व्यक्ति के जीवन को आसान बनाया है। स्वामित्व योजना में गरीबों को पहली बार उनकी भूमि का स्वामित्व दिया जा रहा है। खेती में ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है। गाँव में अब राशन दुकानों पर किसानों को कृषि उपकरण आदि विभिन्न सुविधाएँ भी प्राप्त होंगी।

सतना में आयोजित मध्यप्रदेश के मुख्य आयोजन में मौजूद सीएम पिछली सरकारों पर जमकर बरसे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश की कमल-नाथ सरकार ने गरीबों का गला काटा, पानी छीन लिया। पीएम आवास से वंचित रखा। सतना में एक लाख से अधिक मकान बनकर तैयार हो गए हैं। रीवा, सागर, बालाघाट में भी एक-एक लाख मकान बनाए जा चुके हैं।

चौहान ने कहा कि इससे पहले कांग्रेस सरकार ने मकान बनाए थे क्या? कांग्रेस और कमलाथ को जवाब देना होगा। लाखों गरीबों को मकान से वंचित क्यों रखा, उनके गले काटे। पीएम पैसा भेजते थे। 60 फीसदी पीएम देते हैं, 40 फीसदी राज्य सरकार मिलाती है। चौहान ने कहा कि 2024 तक कोई गरीब झोपड़ी में नहीं रहेगा। सबको पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे। सबको राशन, सबको मकान और सबके इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपए तक निःशुल्क इलाज कराया जा रहा है।

चौहान ने कहा कि मोदी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनता की जिंदगी बदलने का कार्य कर रहे हैं। पीएम आवास योजना में हर गरीब को पक्का मकान मिल रहा है। वर्ष 2024 तक कोई भी गरीब कच्ची झोपड़ी में नहीं रहेगा, सबके पक्के मकान होंगे। इस वर्ष मध्यप्रदेश में पीएम आवास के लिए 10 हजार करोड़ रूपए का बजट प्रावधान किया गया है। प्रदेश में गरीब कल्याण का महायज्ञ चल रहा है। पूरे प्रदेश में आज 4 लाख 51 हजार गरीब परिवार अपने नए घरों में प्रवेश कर रहे हैं। सतना, रीवा, बालाघाट और सागर जिलों में एक-एक लाख आवास पूर्ण हो चुके हैं। पूरा प्रदेश आज आनंद उत्सव और प्रसन्नता में डूबा है।

चौहान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का वर्तमान जितना सम्मान पहले कभी नहीं रहा। मोदी के नेतृत्व में वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि दीवाली के बाद प्रदेश के ऐसे गरीब, जिनके पास रहने के लिए जमीन नहीं है, उन्हें सीएम भू-आवासीय अधिकार योजना में जमीन के पट्टे दिए जाएंगे।

प्रदेश में आगामी 31 अक्टूबर तक सीएम जन-सेवा अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें पात्र हितग्राही को ढूँढ-ढूँढकर शासकीय योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सीएम ने कहा कि आगामी 2 नवम्बर को लाड़ली लक्ष्मी-2 योजना लांच की जाएगी। पूरे प्रदेश में 43 लाख लाड़ली लक्ष्मियां हैं।

बेटियों को मेडिकल, इंजीनियरिंग, आईआईटी, आईआईएम मैनेजमेंट कोर्सेस में प्रवेश पर उनकी फीस सरकार भरेगी। गरीब परिवार के मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की फीस भी सरकार देगी। उन्होंने कहा कि मप्र में शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति हुई है। अब मेडिकल एवं इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिन्दी भाषा में होगी।

Back to top button