मध्य प्रदेश

सभी सम्प्रदाय के लोग करें कट्टरपंथी इस्लाम से मुकाबला, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने किया साइबर योद्धाओं से संवाद…

भोपाल। भारतीय संविधान समानता का अधिकार देता है। आज भारत में मुस्लिमों को जो आजादी है, वह कट्टरपंथी इस्लामिक देशों में नहीं है। आज कट्टरपंथी इस्लाम के कारण अफगानिस्तान में तालिबान को सत्ता तो मिल गई लेकिन लोगों के अधिकार सुरक्षित नहीं है। इसलिए कट्टरपंथी इस्लाम आज पूरी दुनिया के लिए खतरा बनता जा रहा है। लेकिन इस खतरे का मुकाबला हम सभी को मिलकर करना होगा। कट्टरपंथी इस्लाम की विचारधारा को फैलने ने रोकने के लिए चाहे हिन्दू हो, मुसलमान हो या फिर बुद्ध हो, सभी को सजग होना पड़ेगा। इस काम में साइबर योद्धाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। देश में अशांति और बांटने वाले लोगों को पूरी ताकत के साथ जवाब देकर उनके मंसूबों पर पानी फेरने का काम साइबर योद्धाओं को प्रतिदिन करना चाहिए।

यह बात भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने संयुक्त रूप से साइबर योद्धाओं से संवाद करते हुए कही। आज गुरुवार को समन्वय भवन में ’कट्टरपंथी इस्लाम का राजनीतिक उदय और भारतीय सुरक्षा के लिए चुनौतियां’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद शर्मा जी विशेष रूप से उपस्थित थे।

श्री मुरलीधर राव ने कहा कि 135 करोड़ भारतवासियों की सुरक्षा के लिए हमें इस्लामिक कट्टरपंथी विचारधारा से लड़ना होगा। श्री राव ने कहा कि भारत में मोहम्मद गजनी, मोहम्मद गौरी, औरंगजेब, बाबर जैसे लोगों की विचारधारा के साथ कोई समझौता न तो भारत ने किया है और न ही करेगा। इसे हिन्दू बनाम मुसलमान नहीं बनाएं, जो ऐसा करते हैं वह देश के गद्दार हैं। आज देश को बचाना हमारे लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि कट्टरपंथ इस्लाम के साथ लड़ाई करके अपनी संस्कृति की रक्षा करने वाला दुनिया में एक मात्र देश भारत है। भारत में शांति, विविधता, संतुलित विकास और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कट्टरपंथ इस्लाम का मुकाबला करना हमारे लिए बहुत जरूरी है। यह मुद्दा देश की संस्कृति और दुनिया की शांति का है। श्री राव ने कहा कि लेकिन देश के लोगों को डरने की भी जरूरत नहीं है। कट्टरपंथियों से मुकाबला करने में जीत हमारी ही होगी क्योंकि धर्म हमारे साथ है। धर्म लोगों की भलाई का है,  लोगों की सुरक्षा और शांति का है इसलिए निश्चित रूप से जीत हमारी होगी। उन्होंने कहा कि तालिबानियों ने ताकत के बल पर सत्ता हासिल कर ली हो लेकिन वहां लोगों के अधिकार सुरक्षित नहीं है। श्री राव ने कहा कि कट्टरपंथी इस्लाम से लड़ना हम सभी की संवैधानिक, राजनीतिक जिम्मेदारी है। इसके लिए साइबर योद्धाओं को बड़ी मुखरता के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करना पड़ेगा।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि चाहे पाकिस्तान द्वारा दुनिया में आतंक फैलाने की बात हो या फिर बांग्लादेशियों के घुसपैठ का मामला हो, ये सभी भारत के लिए समस्याएं पैदा कर रहे हैं। कट्टरपंथी इस्लाम आज पूरे विश्व के लिए खतरा है। श्री शर्मा ने कहा लेकिन आज दृश्य बदल गया है। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सशक्त नेतृत्व के चलते आतंकवादी और देश विरोधी ताकतें कमजोर हुईं हैं। मोदी जी के नेतृत्व के कारण देश की सेनाएं सक्षम हुईं हैं। इससे पहले जब कांग्रेस की सरकार थी तो सेना को दिल्ली के आदेश का इंतजार करना पड़ता था। आज जब सीमाएं सुरक्षित हो गई हैं तो इन विरोधी ताकतों ने सोशल मीडिया को माध्यम बना लिया है। वे सोशल मीडिया के माध्यम से देश में अराजकता फैला रहे हैं। इसलिए इन्हें जवाब भी इनके माध्यम से देना पड़ेगा। आज साइबर योद्धाओं को देश और प्रदेश में अराजकता फैलाने वालों को मुंहतोड़ जवाब देना होगा।

इससे पूर्व कार्यक्रम की प्रस्तावना आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश प्रभारी श्री रजनीश अग्रवाल ने दी। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री श्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, भोपाल जिलाध्यक्ष श्री सुमित पचौरी, भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री वैभव पंवार, पंधाना विधायक श्री राम दांगोरे, आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक श्री अमन शुक्ला, प्रदेश सह संयोजक श्री गौरव विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक श्री अभिषेक शर्मा ने किया।

 

Back to top button