मध्य प्रदेश

बुरहानपुर में चल रही पं. प्रदीप मिश्रा की कथा में पंडाल गिरा, 6 से अधिक श्रद्धालु घायल

दो महिलाएं और एक बालक गंभीर घायल, घायलों को अस्पताल भेजा

बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में चल रही सीहोर वाले पं. प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथा सुनने आए लोगों के ऊपर पंडाल गिर गया। इस दौरान एलईडी भी नीचे आ गई, जिसमें कई महिलाएं दब गईं। बताया जा रहा है कि यदि कथा चलने के दौरान पंडाल गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में आधा दर्जन श्रद्धालु घायल हुए हैं। इनमें दो महिलाएं और एक बच्चा गंभीर बताया जा रहा है। गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

यहां कृषि उपज मंडी परिसर में सीहोर वाले पं. प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा चल रही है। कथा सुनने के लिए भारी उमड़ रही है। आज मंगलवार को भी सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा थी। इसी दौरान अचानक पंडाल का एक हिस्सा नीचे आने लगा। यह देख वहां अफरा-तफरी मच गई। पंडाल के नीचे आने के कारण वहां लगी एक बड़ी एलइडी भी जमीन पर आ गई। इसमें 6 से अधिक श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं। इसमें दो महिलाएं और एक बालक को गंभीर चोट आने के कारण उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि, जब घटना हुई, तब कथा नहीं चल रही थी, अन्यथा ज्यादा लोग हताहत हो सकते थे। कथा का आयोजन दोपहर 2 बजे बाद शुरू होता है। लेकिन, बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपना स्थान निश्चित करने के लिए काफी पहले से पंडाल में पहुंच जाते हैं। कई लोग अल सुबह से ही पंडाल में अपना स्थान सुरक्षित कर कथा सुनने के लिए इंतजार करते हैं। इस कारण पंडाल में सुबह से ही काफी भीड़ हो जाती है।

Back to top button