बिलासपुर

इच्छा मृत्यु मांग रहे किसानों को अधिकारियों ने किया शासन तक उनकी बात पहुंचाने आश्वस्त

बिलासपुर।  धान नहीं बिकने से परेशान कुछ कृषक आज फांसी का फंदा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और इच्छा मृत्यु की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग शासन तक पहुंचाई जाएगी।

इस संबंध में जानकारी के अनुसार आज लाखासार के कुछ किसान अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि प्रशासन उनकी नहीं सुन रहा है। ये किसान धान नहीं बेच पाने के कारण परेशान हैं। लाखासार के किसानों ने इच्छा मृत्यु की मांग करते हुए फांसी का फंदा लेकर कलेक्टोरेट परिसर के सामने प्रदर्शन किया।

किसानों ने कहा कि शासन-प्रशासन की गैर जिम्मेदाराना रवैए के चलते सैकड़ों किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं। प्रतिकूल मौसम और बारदाना नहीं होने जैसी समस्याओं के कारण वे समय पर धान नहीं बेच पाए हैं। सरकारी धान खरीदी 20 फरवरी को बंद हो गई है। धान न बिकने की वजह से उनके सामने जीवन यापन का संकट पैदा हो रहा है। इसी कारण से वे इच्छा मृत्यु की मांग कर रहे हैं। इस पर अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग शासन तक पहुंचाई जाएगी।

Back to top button