मध्य प्रदेश

कांग्रेस विधायक के खिलाफ लूट का केस दर्ज कराने वाले अधिकारी ने किया सुसाइड

बहुचर्चित खाद लूट कांड के आरोपी विधायक मनोज चावला व अन्य कांग्रेस नेता अभी भी हैं जेल में

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले का बहुचर्चित खाद लूट मामला एक बार फिर चर्चाओं में है। मामले में आलोट विधायक पर लूट का केस दर्ज कराने वाले खाद्य अधिकारी ने बीती रात अपने दफ्तर में ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मृतक भगतराम यदु, गोदाम संचालक, आलोट

पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश विपणन संघ के गोदाम संचालक भगतराम यदु ने सोमवार-मंगलवार की रात को वेयर हाउस गोदाम के दफ्तर में ही फांसी लगा ली। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय चिकित्सालय आलोट भेजा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर इसकी जांच की जा रही है।

ज्ञात हो कि इस हाई प्रोफाइल मामले में कांग्रेस विधायक मनोज चावला और कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह जादौन सहित अन्य कार्यकर्ता आरोपी बनाए गए थे। लंबे समय तक फरार रहने के बाद आलोट विधायक मनोज चावला ने जनप्रतिनिधि न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद से ही वह न्यायिक हिरासत में है। ज्ञात हो कि आलोट विधायक 10 नवंबर 2022 से जेल में बंद हैं तथा इंदौर के साथ जबलपुर हाईकोर्ट ने भी उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसी प्रकरण में कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह जादौन इंदौर की सेंट्रल जेल में बंद हैं। उनकी भी जमानत अर्जी खारिज हो चुकी है।

मनोज चावला, विधायक, आलोट

क्या है मामला

दरअसल, आलोट के ताल रोड पर खाद गोदाम पर किसानों को खाद के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। किसानों की समस्या का समाधान करने के लिए आलोट विधायक मौके पर पहुंचे थे और विधायक ने खुद गोदाम का शटर उठाकर किसानों को खाद दिला दिया था। इसके बाद पुलिस ने मध्यप्रदेश विपणन संघ के गोदाम संचालक भगतराम यदु की रिपोर्ट पर विधायक मनोज चावला और कांग्रेस नेता योगेंद्र सिंह सहित कई कार्यकताओं के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराध में प्रकरण दर्ज किया था। इंदौर हाईकोर्ट के वकील ऋतुराज भटनागर ने इंदौर हाईकोर्ट में आलोट विधायक मनोज चावला की जमानत की अर्जी लगाई थी। जो खारिज हो गई थी। इसके बाद जबलपुर हाईकोर्ट में सुनवाई के लिए स्पेशल कोर्ट का गठन किया गया। विधायक मनोज चावला के साथ ही सभी आरोपियों की भी सुनवाई जबलपुर हाईकोर्ट की विशेष बेंच में होगी। दूसरी ओर, इस मामले में कांग्रेस के लोग भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के इशारे पर प्रसासन कांग्रेस की आवाज दबा रहा है।

Back to top button