छत्तीसगढ़रायपुर

भूपेश से न पार्टी संभल रही है न प्रदेश, रमन बोले- छत्तीसगढ़ में सरकार नहीं सर्कस चल रहा है ….

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर फिर हमला बोला। अपने ट्विटर एकाउंट पर कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार नहीं- सर्कस चल रहा है! भूपेश-टीएस की लड़ाई अब सड़क पर आ गई है। एक उत्तर की यात्रा कर रहा है तो एक दक्षिण की। वर्चस्व की लड़ाई का आलम यह है कि न मंत्री सिंहदेव को हेलीकॉप्टर दिया गया है और न ही अधिकारी मिलने जा रहे हैं। भूपेश से न पार्टी संभल रही है न प्रदेश…।

दरअसल, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 90 विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर निकले हैं। उन्होंने उत्तर दिशा में पड़ने वाले सरगुजा संभाग से दौरे की शुरुआत की है, जो स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का गृह क्षेत्र है। वहीं सिंहदेव भी प्रदेशव्यापी दौरा कर रहे हैं। उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत दक्षिण क्षेत्र के दंतेवाड़ा से शुरू किया है। 4 मई से सीएम भूपेश ने दौरा शुरू किया है, उसी दिन से मंत्री सिंहदेव भी दौरे पर निकले हैं। टीएस सिंहदेव के बस्तर पहुंचने पर कलेक्टर और एसपी तक मिलने नहीं आए। जगदलपुर के स्थानीय विधायक ने भी मंत्री से दूरी बनाए रखी। वहीं जिस हेलीकाफ्टर से सिंहदेव दौरे पर निकले हैं उसे उन्होंने स्वयं किराये पर मंगवाया है। इसे लेकर प्रदेश में सियासी बहस छिड़ी हुई है।

एक दिन पहले भी रमन ने प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार पर तंज कसा था। रमन ने कहा था कि सीएम भूपेश 90 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर विधायकों का कामकाज देख रहे हैं, लेकिन विधायकों का नहीं बल्कि सरकार का परफॉर्मेंस ही खराब है। आने वाले विधानसभा में कांग्रेस का पूरा सफाया होने वाला है। साढ़े तीन साल की सरकार ने कुछ नहीं किया है। हेलीकॉप्टर में बैठी सरकार की सोच भी हवा हवाई है। रमन ने कहा कि सरकार यात्रा में अधिकारियों पर कार्रवाई कर रही है। किस कलेक्टर और किस एसपी का कितना रेट है, इस सरकार में सब जानते हैं। सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है।

Back to top button