मध्य प्रदेश

प्रजातांत्रिक समाधान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलसिंह चौहान ने ली कांग्रेस की सदस्यता

पीसीसी चीफ एवं पूर्व सीएम कमलनाथ ने कमलसिंह को कई समर्थकों के साथ दी कांग्रेस की सदस्यता

भोपाल। सीहोर जिले के जिला पंचायत सदस्य और प्रजातांत्रिक समाधान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलसिंह चौहान ने अपने कई समर्थकों व कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।

कमलनाथ ने कहा कि चौहान ने स्वयं कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। चौहान आष्टा विधानसभा से तीन बार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। चौहान ने जिस जोश और उत्साह के साथ कांग्रेस पार्टी में आकर भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जो संकल्प लिया है, उसका संदेश पूरे प्रदेश में जायेगा। शिवराज ने 18 वर्षों में हर वर्ग के साथ अन्याय और अत्याचार किये हैं। नौजवान, किसान, महिलाएं सभी के साथ कुठाराघात हुआ है। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त और परेशान है। शिवराज ने 18 वर्षों में 22 हजार से अधिक घोषणाएं की, जिन पर कोई अमल नहीं हुआ और चुनाव आते ही घोषणाएं करते जा रहे हैं, इतने वर्षों बाद लाड़ली बहनों की याद आ गई, जबकि सबसे ज्यादा अत्याचार महिलाओं के साथ ही इस सरकार में हुआ है। भाजपा सरकार में देश का लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। हम सभी को मिलकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना है।

Back to top button