मध्य प्रदेश

मुंबई की बिजनेस वुमन से होटल में रेप:प्रॉपर्टी बिकवाने के बहाने भोपाल लेकर आया था ब्रोकर

भोपाल। मुंबई की एक बिजनेस वुमन (47 साल) के साथ एक प्रापर्टी ब्रोकर ने भोपाल के होटल में रेप किया। आरोपी भी मुंबई का ही रहने वाला है। पीड़िता का मुंबई के अंधेरी इलाके में केटरिंग का बिजनेस है। आरोपी पीड़िता की उत्तरप्रदेश स्थित प्रॉपर्टी बिकवाने के बहाने भोपाल लेकर आया था। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

एमपी नगर टीआई सुधीर अरजरिया के मुताबिक, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि पति का निधन होने के बाद जुलाई 2019 से कारोबार और अन्य कामों की जिम्मेदारी मुझ पर आ गई। मुंबई की ही एक प्रॉपर्टी बेचने के लिए ब्रोकर वकार सिद्दीकी से कॉन्टैक्ट हुआ था, उसने मुंबई की ये प्रॉपर्टी बिकवा दी थी। इसके बाद से सिद्दीकी घर आने-जाने लगा था। एक दिन मैंने उसे बताया कि उत्तर प्रदेश के हापुड़ में भी मेरी प्रॉपर्टी है। उस पर ससुराल वालों ने कब्जा जमा रखा है। सिद्दीकी ने भरोसा दिलाया कि वह इस प्रॉपर्टी को भी बिकवा देगा। उसने भोपाल चलने को कहा। हम 16 नवंबर को भोपाल आए और एमपी नगर में होटल ओएसिस में अलग-अलग लेकर ठहर गए। इसी दिन रात में वकार मेरे रूम में आया और अश्लील हरकतें करने लगा। उसकी इस हरकत से मैं हैरान रह गई। मेरे विरोध करने पर उस दिन वह वापस अपने कमरे में चला गया। पीड़िता के अनुसार इसके बाद 21 नवंबर की रात 8.30 बजे के करीब वह फिर मेरे कमरे में आया और उसने फिर गंदी हरकतें करना शुरू कर दीं। मेरे मना करने पर उसने मेरे साथ मारपीट कर मेरे साथ रेप किया। उसने धमकी दी कि पुलिस से बताया तो जान से खत्म कर देगा।

अगले दिन सुबह महिला की सूचना पर पहुंची पुलिस

टीआई श्री अरजरिया ने बताया कि आरोपी और महिला की दो साल से दोस्ती है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी। महिला का कहना है कि वह आरोपी की धमकी से डर गई थी। इसीलिए उसने 21 नवंबर की रात को कुछ नहीं बताया। सुबह उसने डायल-100 को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला से बात की। उसने बताया कि वकार ने उसके साथ गलत काम किया है। इसके बाद पुलिस उसे थाने लेकर पहुंची। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button