मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश उपचुनाव : जोबट में सुलोचना रावत की जीत, रैगांव में काउंटिंग छोड़ भागीं भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी …

भोपाल । मध्यप्रदेश में जोबट विधानसभा उपचुनाव का परिणाम घोषित हो चुका है। यहां पर भाजपा प्रत्याशी सुलोचना रावत ने 6080 वोटों से जीत हासिल कर ली है। जोबट में सुलोचना का मुकाबला कांग्रेस के महेश पटेल से था। यहां पर सुलोचना ने शुरू से ही बढ़त बना ली थी। लेकिन जैसे-जैसे वोटों की गिनती का सिलसिला आगे बढ़ता गया, सुलोचना के वोटों की मार्जिन कम होती गई। हालांकि इसके बावजूद उन्होंने 6 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल करने में कामयाबी हासिल की। आदिवासी बहुलता वाले जोबट में जीत हासिल करना भाजपा के लिए काफी बड़ी बात है। अभी तक यह सीट कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा है। बता दें कि इस चुनाव से ठीक पहले सुलोचना रावत कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा के साथ चली गई थीं। सुलोचना चौथी बार एमएलए बनी हैं।

हालांकि काफी जोर लगाने के बावजूद रैगांव सीट भाजपा बचा नहीं पाई है। यहां पर भाजपा उम्मीदवार प्रतिमा बागरी ने 14वें राउंड के बाद ही हार मान ली है। वह मतगणना स्थल छोड़कर भी जा चुकी हैं। यहां 17वें राउंड में पोस्टल बैलट में 393 वोट मिले और भाजपा को 368 वोट मिले। इस तरह यहां कांग्रेस प्रत्याशी की कुल लीड 9192 वोट की हो चुकी है। गौरतलब है कि यहां पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत तमाम दिग्गजों ने जमकर कैंपेनिंग की थी। इसके बावजूद भाजपा को यहां पर हार का सामना करना पड़ा है।

वहीं अन्य सीटों की बात करें तो खंडवा लोकसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के वोटों का अंतर भले कम हुआ है, लेकिन यहां भी उसकी जीत सुनिश्चित है। यहां भाजपा से ज्ञानेश्वर पाटिल मैदान में हैं। वहीं पृथ्वीपुर में भी भाजपा प्रत्याशी की लीड बढ़कर करीब 10 हजार तक पहुंच चुकी है। यहां भी भाजपा की जीत लगभग तय ही मानी जा रही है। यहां से भाजपा के उम्मीदरवार शिशुपाल यादव हैं। इस सीट की जिम्मेदारी प्रदेश के पीडब्लूडी मंत्री गोपाल भार्गव के पास थी।

Back to top button