मध्य प्रदेश

एमपी उपचुनाव : लोकसभा सहित दो विधानसभा सीट के लिए कांग्रेस ने उतारे प्रत्याशी, खंडवा से राज, जोबट में महेश और रैगांव से कल्पना को मिली टिकट …

भोपाल। कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी घोषित कर दिये हैं। मध्य प्रदेश की 3 विधानसभा और एक लोकसभा सीट के लिए 30 अक्टूबर को वोट डाले जाने हैं।पार्टी पृथ्वीपुर से नीतेन्द्र सिंह को टिकट देने का ऐलान पहले ही कर चुकी है। खंडवा लोकसभा सीट से राजनारायण सिंह, जोबट विधानसभा सीट से महेश पटेल और रैगांव में कल्पना वर्मा को टिकट दिया है।

कांग्रेस ने पृथ्वीपुर छोड़कर बाकी बची 3 सीटों पर 2 नामों का पैनल तैयार किया था। खंडवा सीट पर पार्टी ने पूर्व विधायक राज नारायण सिंह और मौजूदा विधायक सचिन बिरला का नाम पैनल में रखा था। लेकिन  पार्टी ने राज नारायण सिंह के नाम पर अपनी सहमति दी और अरुण यादव की सहमति मिलते ही उनके नाम का ऐलान कर दिया गया।

अरुण यादव के खंडवा से चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान के बाद पार्टी ने पूर्व विधायक राज नारायण सिंह को टिकट दे दिया है। राज नारायण सिंह दिग्विजय सिंह के करीबी माने जाते हैं और ऐसे में खंडवा सीट पर कांग्रेस की जीत का दारोमदार दिग्विजय सिंह पर होगा। वहीं कांग्रेस ने जोबट पर  महेश पटेल को उम्मीदवार बनाया है। सुलोचना रावत के दल बदल कर बीजेपी में शामिल होने के बाद पार्टी ने महेश पटेल के नाम पर सहमति दी है।

रैगांव में कल्पना वर्मा- इसके अलावा रैगांव सीट पर भी 2 नाम का पैनल तैयार हुआ था। कल्पना वर्मा और उषा चौधरी के नाम का पैनल पार्टी ने तैयार किया था। लेकिन पार्टी ने कल्पना वर्मा के नाम पर हरी झंडी दे दी है। नामों का पैनल लेकर दिल्ली पहुंचे कमलनाथ ने पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करने के बाद एक एक नाम पर सहमति बना ली थी। पार्टी पृथ्वीपुर सीट पर वो पहले ही उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर चुकी है। पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर के बेटे नितेन्द्र सिंह राठौर को पार्टी ने उम्मीदवार घोषित किया है। लेकिन, बाकी बची 3 सीटों पर लंबी कशमकश के बाद पार्टी ने अब नाम तय कर लिए हैं।

रैगांव का ये है गणित-  2018 में रैगांव सीट पर कुल 45 प्रतिशत वोट पड़ थे। इसमें भाजपा प्रत्याशी जुगल किशोर बागरी को 65910 वोट मिले थे और विजयी घोषित हुए थे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना वर्मा 48489 वोट से द्वितीय स्थान पर थीं। इसके साथ ही बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी ऊषा चौधरी ने भी 12 हजार से ज्यादा वोट पाकर तीसरे पायदान पर जगह बनाई थी। लेकिन एक बार फिर पार्टी कल्पना वर्मा को मौका देने की तैयारी में है।

Back to top button