मध्य प्रदेश

मंत्री विजयशाह की फिर फिसली जुबान, कांग्रेस ने चुटकी ली…

भोपाल। राज्य सरकार के मंत्री और भाजपा के मांधाता विधानसभा के चुनाव प्रभारी विजयशाह की जुबान फिसली और उन्होंने कह दिया कि मांधाता विधानसभा के किसी भी पोलिंग बूथ पर उप चुनाव में भाजपा ना जीते। पोलिंग बूथ पर वह स्वयं जाकर कार्यकर्ताओं से यह निवेदन भी करेंगे। उनका यह वीडियो कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर जारी कर दिया। बवाल मचने पर मंत्री शाह ने सफाई देते हुए दूसरा वीडियो जारी किया जिसमें कहा कि वे यह कहना चाहता थे कि एक भी पोलिंग पर भाजपा हारना नहीं चाहिए। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी कि कांग्रेस यहां से जीत जाए तो वो कोई भी शर्त लगाने को तैयार हैं।

 

वहीं, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने इनके दोनों वीडियो जारी कर मंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि आप जल्दी में थे, इसलिए आपने भाजपा को हरा दिया और अब जिताने में लग गए। वैसे भी दिन में इस तरह ज़ुबान का फिसलना ठीक नहीं। एक बार रात में आपकी ज़ुबान फिसली थी तो आपका मंत्री पद फिसल गया था। आप संवैधानिक पद पर हैं, शर्त-वर्त लगाना आपको शोभा नहीं देता। वहीं अरुण यादव ने ट्वीट किया कि आखिर दिल की बात जुंबा पर आ ही गई।

Back to top button