नई दिल्ली

पीएम नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्री ने राहुल गांधी की तुलना आवारा सांड से की, कांग्रेस ने कहा- कैबिनेट से किया जाए बाहर …

मुंबई। मोदी सरकार के मंत्रियों में सत्ता का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में हाल ही में शामिल गए गए रावसाहेब दानवे ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की तुलना आवारा सांड से करते हुए नया विवाद खड़ा कर दिया है। जन-आशीर्वाद यात्रा पर निकले श्री दानवे ने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी किसी के काम नहीं आ सकते हैं। श्री दानवे के विवादित बोल को असभ्य और चौंकाने वाला बताते हुए कांग्रेस पार्टी ने उन्हें केंद्रीय कैबिनेट से हटाए जाने की मांग की है। वहीं अपने मंत्री के इस विवादित बोल से भाजपा बगलें झांक रही है। जबकि पार्टी के तरफ से इसे लेकर अब तक कोई सफाई पेश नहीं की गई है।

महाराष्ट्र के जालना जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दानवे ने यह विवादित टिप्पणी की। मराठी में भाषण देते हुए उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी किसी के काम नहीं आ सकते हैं।” उन्होंने कहा, ”वह भगवान को समर्पित सांड की तरह हैं। वह जहां-तहां घूमते रहते हैं, लेकिन किसी के काम नहीं आ सकते हैं। मैं 20 सालों से लोकसभा में हूं और उनका काम देखा है।”

महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों और देश के कुछ हिस्सों में चलन है कि नए जन्मे बछड़े को स्थानीय देवता को समर्पित कर दिया जाता है। इन सांडों का कृषि या बैल गाड़ी आदि चलाने में इस्तेमाल नहीं किया जाता है। रेलवे राज्य मंत्री ने आगे कहा, ”ऐसा कोई सांड खेत में घुसकर फसल भी खाल लेता है तो किसान उसे यह कहकर माफ कर देता है कि इसे खाने की जरूरत है।”

दानवे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने उनके इस्तीफे की मांग की। पटोले ने कहा, ”उन्होंने (दानवे) सभी सीमाएं लांघ दी हैं। उनकी टिप्पणी असभ्य और चौंकाने वाली है। गांधी के खिलाफ इस तरह के असभ्य इस्तेमाल करने को लेकर हम उन्हें केंद्रीय कैबिनेट से निकालने की मांग करते हैं।” उन्होंने आगे कहा, ”मुझे हैरानी है कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करने का ट्रैक रिकॉर्ड होने के बावजूद उन्हें इतना महत्वपूर्ण पद कैसे दिया जा सकता है।”

Back to top button