मध्य प्रदेश

एमपी के सागर में 10 करोड़ की लागत से बनेगा लव-कुश मंदिर एवं धर्मशाला, सीएम शिवराज ने की 10 करोड़ राशि की घोषणा

सागर में आयोजित कुशवाहा समाज के संभागीय सम्मेलन और सम्मान समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान

सागर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को सागर में आयोजित कुशवाहा समाज के संभागीय सम्मेलन में 10 करोड़ की लागत से लव कुश मंदिर और धर्मशाला के निर्माण की घोषणा की। मंदिर के लिए 5 करोड़ और धर्मशाला के लिए 5 करोड़ रू. राज्य सरकार द्वारा दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने स्थान चयन के लिए कुशवाहा समाज को जिम्मेदारी सौंपी। जो स्थान चयनित होगा, उसी स्थल पर एक छात्रावास भी बनेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मध्यप्रदेश में कुशवाहा समाज कल्याण बोर्ड के गठन की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि बोर्ड के अध्यक्ष को मंत्री का दर्जा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सागर में कुशवाहा समाज के संभाग स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि ऐंसे युवा जिनको पढ़ाई के बाद रोजगार उपलब्ध नहीं हुआ है, उनको काम सीखने के लिए स्थान तय किए जा रहे हैं ताकि वे कार्य सीखकर किसी उद्योग धंधे में लगे सके। इसके लिए काम सीखने के दौरान उन्हें 8 हजार रू. प्रतिमाह दिया जाएगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने सागर जिले के लिए 865.91 करोड़ की 3 नल जल योजनाओं का भूमिपूजन किया। तीनों नल जल समूह योजना से 520 ग्रामों में पाईप लाइन बिछाकर घर-घर पानी पहुंचाया जायेगा। इनमें 202.99 करोड़ की सानौधा-मढ़िया जलप्रदाय योजना शामिल है, जिसके पूरा होने से 77 ग्राम लाभान्वित होंगे। सानौधा-बंडा जल प्रदाय से 56 गांव के घरों को लाभ मिलेगा। इसी योजना की लागत 166.67 करोड़ आयेगी। इस प्रकार तीसरी 496.25 करोड़ की देवरी-केसली जल प्रदाय योजना से क्षेत्र के 387 गांवों को लाभ मिलेगा। सम्मेलन की शुरूआत में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने तीन समूह नल जल योजना के भूमिपूजन के बाद 11 महिलाओं को प्रतिकात्मक रूप कलश भेंट कर रवाना किया। श्री चौहान ने कुशवाहा समाज के अराध्य देव लव कुश के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जलित तथा कन्या पूजन कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कुशवाहा समाज की प्रतिभाओं को इस अवसर पर सम्मानित भी किया।

इधर…मुख्यमंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सागर आगमन पर कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे कांगे्रस नेताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं मुख्यमंत्री के आने के एक रात पूर्व ही कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को नजरबंद कर दिया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विकास के नाम पर सागर की जनता के साथ धोखाधड़ी के खिलाफ शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी द्वारा दिए जा रहे धरना प्रदर्शन को पुलिस बल ने बर्बरता के साथ रोकने का प्रयास किया और प्रदर्शनकारी कांग्रेसजनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रदर्शन करने पहुंचे अधिकांश कांग्रेसजन काले कपड़े पहनकर अपना विरोध जाहिर कर रहे थे। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और काले झंडे दिखाने की घोषणा की थी। जिसको लेकर पुलिस और प्रशासन एक दिन पहले रात्रि से ही पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के घरों के बाहर निगरानी शुरू कर उन्हें नजरबंद करने तथा धर पकड़ कर पुलिस थानों में कैद करने का दौर शुरू कर दिया। इस सबके बावजूद कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंच गए। दोपहर 01 बजे से शुरू कांग्रेस के इस धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कांग्रेसजनो के धरनास्थल पहुंचते ही भारी पुलिस बल ने उन्हे घेर लिया और धरना प्रदर्शन करने से रोका। पुलिस की कार्यवाही पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने शिवराज सिंह चौहान और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। जिस पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बलपूर्वक गिरफ्तार करते हुए वाहन में ठूंसकर जेल भेज दिया।

विधायक लारिया ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र के विकास एवं जनहित के विषय पर की चर्चा, सौंपा पत्र

अखिल भारतीय कुशवाहा समाज के संभागीय सम्मेलन एवं समूह जल प्रदाय योजना के भूमिपूजन कार्यक्रम में सागर आए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से रविवार को नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यो एवं जनहित के विषय पर चर्चा कर उन्हें पत्र सौपें। विधायक श्री लारिया ने मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान बताया कि ओला वृष्टि से प्रभावित ग्रामों में मुआवजा वितरण के लिये विधानसभा के कुछ ग्राम छूट गये है, जिन्हें मुआवजा वितरण सूची में सम्मिलित किये जाने एवं नगर परिषद् कर्रापुर में शासकीय महाविद्यालय प्रारंभ किये जाने, एसडीएम कार्यालय मकरोनिया में प्रारंभ किये जाने के संबंध में पत्र सौपें जिस पर मुख्यमंत्री द्वारा उक्त कार्यो की शीघ्र स्वीकृति हेतु सहमति प्रदाय की गई। वहीं विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यो के संबंध मेें मुख्यमंत्री को पत्र सौपें जिसमें नवीन सड़क मार्गो की स्वीकृति ग्राम बेरखेड़ीगुरू-बन्नाद-चावड़ा लंबाई 06 किमी, ग्राम सिमरिया-सानौधा लंबाई 2 किमी, ग्राम लिधोराखुर्द-पिपरिया करकट-पामाखेड़ी लंबाई 08 किमी, ग्राम पटकुई-ग्यागंज लंबाई 01 किमी, ग्राम सेमराहाट-बरोदिया गुसाई लंबाई 02 किमी एवं विभिन्न वृहद पंचायतों एवं नगर पालिका क्षेत्र में मंगल भवन की स्वीकृति, ग्राम मोठी में कुशवाहा समाज हेतु मंगल भवन की स्वीकृति, नगर पालिका मकरोनिया में सीवर लाईन, पेयजल पाईप लाईन हेतु विशेष पैकेज, आवासहीन परिवारों को 20 एकड़ भूमि आरक्षित किये जाने संबंधी भी विधायक श्री लारिया ने मुख्यमंत्री को पत्र सौपें एवं चर्चा की।

Back to top button