छत्तीसगढ़रायपुर

पति को बीच रास्ते अकेला छोड़ दुल्हन भाग गई प्रेमी के साथ फरार, थाने में लौटाया मंगलसूत्र, दूल्हा बोला- जा तुझे माफ कर दिया …

रायपुर। एक दुल्हन शादी के मंडप से ससुराल जाने दूल्हा संग विदा हुई, लेकिन बीच रास्ते से प्रेमी के साथ फरार हो गई। विदा होने के बाद दुल्हन अपने प्रेमी को मोबाइल पर लाइव लोकेशन भेजती रही। दुल्हन की कार को प्रेमी फालो करता रहा। दुल्हन ने मानपुर के पास सुबह 4 बजे बाथरूम जाने के बहाने कार रुकवाई। जैसे ही कार रुकी ठीक उसके पीछे चल रही कार का दरवाजा प्रेमी ने फिल्मी स्टाइल में खोला।

दूल्हा व उसके रिश्तेदार देखते रहे और दुल्हन को उसका प्रेमी उड़ा ले गया। घटना के दो दिन बाद थाने में दुल्हन ने दूल्हे को मंगलसूत्र लौटा दिया। दोनों परिवारों की मौजूदगी में दूल्हे ने भी कह दिया “जा तुझे माफ कर दिया”। अपने प्यार के साथ जिंदगी गुजारना….। प्यार, मोहब्बत और शादी की यह पूरी घटना किसी फिल्म से कम नहीं है।

दुल्हन को भगा ले जाने के बाद दूल्हा व उसके घर वाले सीधे मानपुर थाना पहुंचे। सूचना मिलते ही इलाके की पुलिस भी सतर्क हो गई। फिल्मों की तरह वायरलेस सेट में मैसेज चलने लगा। मामला संगीन था, जिसके चलते थाना प्रभारियों के मोबाइल भी बजने लगे। कुछ जगह नाकेबंदी भी हुई। दोपहर एक बजे कांकेर थाना की पुलिस ने फरार दुल्हन व उसके प्रेमी को पकड़ लिया। थाना आने के बाद प्रेमी-प्रेमिका किसी फिल्मों के नायक-नायिका की तरह ही बर्ताव करते रहे। प्रेमिका ने बताया कि वह एक-दूसरे से प्यार करते हैं। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती का परिवार शादी करने तैयार नहीं था। इसी बीच युवती के परिजनों ने महाराष्ट्र के सांवरगांव के युवक से शादी तय कर दी गई। युवती ने पिता से काफी मिन्नतें की, लेकिन जवाब भी फिल्मों वाला ही मिला कि मैं जुबान दे चुका हूं। रिश्तेदार क्या कहेंगे…?

युवती ने प्रेमी संग भागने कोशिश की, लेकिन पहरेदारी के चलते नाकाम रही। अंतत: शादी की तारीख 6 फरवरी आ ही गई। दूल्हा बारात लेकर दल्लीराजहरा पहुंचा। युवती शादी के दौरान भाग न जाए इसलिए उसकी बुआ पूरे समय उसे पकड़ कर रखे रही। इसी दौरान तनाव के चलते दुल्हन की तबीयत भी बिगड़ गई तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसे एक यूनिट खून चढ़ाना था, लेकिन मुहूर्त पर फेरे कराने परिवार ने आधा बोतल ही खून चढ़ा उसे वापस मंडप में ले गए।

दुल्हन के अनुसार अस्पताल से जब उसे मंडप में लाया गया तो उसे चक्कर आ रहे थे। जैसे ही मंडप में दूल्हा संग बैठी वह बेहोश हो गई। जब होश आया तो उसके गले में मंगलसूत्र था, जिसे उसने निकाल दिया। दुल्हन ने कहा मैंने फेरे भी नहीं लिए हैं। मंगलसूत्र कहां से आया पता नहीं। बारात महाराष्ट्र के लिए निकली तब सुबह 4 बजे दुल्हन ने मानपुर से पहले कार रुकवाई और प्रेमी संग फरार हो गई।

कांकेर टीआई शरद दुबे ने बताया मानपुर पुलिस से सूचना मिली थी कि नई दुल्हन अचानक गुम हो गई है। सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर थाना के सामने दोनों को पकड़ा गया। दंतेवाड़ा निवासी आरती सहारे और बस्तर के बकावंड निवासी विकास गुप्ता के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा है, लेकिन परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे।

पुलिस ने दुल्हन और उसके प्रेमी को पकड़ने के बाद लड़के के खिलाफ मामला दर्ज किया, लेकिन एक दिन बाद पुलिस ने प्रेमी को छोड़ा तो दूल्हा अपने रिश्तेदारों को लेकर थाने पहुंच गया। लड़की वाले भी आ गए। दुल्हन अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी थी। उसने दूल्हे को मंगलसूत्र लौटा दिया। लड़की के कड़े रुख को देखते हुए आखिरकार सब मान गए। इसके बाद युवती अपने प्रेमी के साथ ही थाने से रवाना हुई। अब जल्द ही दोनों शादी करेंगे। आगे की कार्रवाई मानपुर पुलिस करेगी।

Back to top button