
अवैध शराब के खिलाफ कड़ा अभियान चलाया था
राजनांदगांव
पुलिस महकमे में एक महत्वपूर्ण फेरबदल रविवार की देर रात हुआ जिसमें डीआईजी दीपक झा को राजनांदगांव का नया आईजी बनाया गया है।
2007 बैच के आईपीएस झा ने अपनी सर्विस की शुरूआत एसडीओपी के तौर पर अविभाजित राजनांदगांव के खैरागढ़ से की थी। उस दौरान उन्होंने अवैध शराब के खिलाफ कड़ा अभियान चलाया था। जिसके चलते खैरागढ़ में खलबली मच गई थी। वहीं उन्होंने नक्सल क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए थे। सरकार ने झा को हाल ही में मुख्यमंत्री के सचिव बने राहुल भगत की जगह आईजी पदस्थ किया है। हालांकि झा प्रभारी आईजी की हैसियत से रेंज के चार जिलों को सम्हालेंगे। पुलिस महकमे में झा की अच्छी साख है। उन्हें नियम पसंद अफसर माना जाता है।
झा ने एसपी के रूप में कोंडागांव, महासमुंद, बालोद, बस्तर, रायगढ़, बिलासपुर और बलौदाबाजार जिले में कार्य किया। वर्तमान में झा डीआईजी पद पर पदोन्नत हैं। प्रभारी आईजी के रूप में उन्हें राजनांदगांव भेजा गया है। झा को सामुदायिक पुलिसिंग के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने नक्सल क्षेत्र बस्तर में आम लोगों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया था। शहरी पुलिसिंग में भी वह काफी सख्त माने जाते हैं। रायगढ़ में पदस्थ रहते उन्होंने ट्रैफिक को लेकर विशेष सुधार अभियान चलाया था।
















