मध्य प्रदेश

पन्ना में शिवराज सरकार पर जमकर बरसे कमलनाथ: कहा- पन्ना बन चुका है अवैध खनन की राजधानी

शासकीय संसाधनों का दुरुपयोग कर विकास यात्रा निकाल रहे, जनता साथ होती तो यात्रा की जरूररत नहीं पड़ती: कमलनाथ

पन्ना। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में पिछले 215 महीनों से भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। 190 महीनों से शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। मुझे ताज्जुब है कि शिवराज सिंह चौहान मुझसे 15 महीनों की सरकार का हिसाब मांग रहे हैं। आज पन्ना (अजयगढ़) प्रदेश में अवैध खनन की राजधानी बन गया है। आप सब भली-भांति जानते हैं आप सब गवाह हैं कि इस अवैध खनन के पीछे आखिर है कौन, है।

पन्ना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कमलनाथ ने कहा कि शिवराज खुद 215 महीनों का हिसाब नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज नौजवानों के भविष्य का सत्यानाश, किसानों का सत्यानाश और कानून-व्यवस्था का सत्यानाश भाजपा सरकार में हुआ है। आज हमारा नौजवान भटक रहा है। प्रदेश का हर क्षेत्र में सत्यानाश किया है। मुझे आम जनता पर पूरा विश्वास है कि वे मध्य प्रदेश की तस्वीर को अपने सामने रखेंगे और सच्चाई का साथ देंगे।

सर्वे सिर्फ इशारा होते हैं, विचार-विमर्श करने के बाद ही तय होंगे टिकट

कमलनाथ ने दोहराया कि स्थानीय संगठनों से विचार-विमर्श करने के बाद ही टिकट तय होगा। हम स्वच्छ छवि के उम्मीदवारों को टिकट देंगे। उन्होंने कहा कि सर्वे एक इशारा होता है। हम स्थानीय संगठनों से विचार-विमर्श करेंगे। किसी भी टिकट में सर्वसम्मति नहीं होती, लेकिन आम सहमति हमें बनानी पड़ती है। टिकट के लिए पांच-छह हजार आवेदन आते हैं। सभी कहते हैं कि मैं जीत रहा हूं। टिकट लेने वाला कोई भी व्यक्ति यह नहीं कहता कि मैं हार जाऊंगा। इस वजह से स्थानीय संगठन से चर्चा करके एक आम सहमति बनाना आवश्यक है। उसी का हम प्रयास करेंगे। कमलनाथ ने कहा कि मेरा पूरा प्रयास रहा है कि मध्य प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस पार्टी का संगठन मजबूत हो। हमारा मुकाबला भाजपा से नहीं भाजपा के संगठन से है। हमने मंडल सेक्टर और बूथ स्तर पर फोकस किया है। आज राजनीति में बड़ा परिवर्तन हुआ है, राजनीति आज ज्यादा स्थानीय हो गई है।

सभा में कमलनाथ बोले… भाजपा का बिल्ला जेब में रखकर काम करने वाले अधिकारियों की उल्टी गिनती शुरू

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने पन्ना जिले के अजयगढ़ में एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यहां के कलेक्टर के बारे में क्या कहना, यहां के कलेक्टर भविष्यवाणी करते हैं कि 25 साल भारतीय जनता पार्टी की सरकार रहेगी। कलेक्टर सुन लें कि वह कितने महीने कलेक्टर रहेंगे, वह अपनी उल्टी गिनती भी शुरू कर लें। मैं यह बात बहुत स्पष्ट रूप से कह देना चाहता हूं कि कमलनाथ की चक्की बहुत धीरे चलती है, परंतु बहुत बारीक पीसती है। भाजपा का बिल्ला जेब में रखकर कार्य कर रहे अधिकारियों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।

15 साल में शिवराज ने भ्रष्टाचार प्रदेश बनाकर सौंपा था हमें

कमलनाथ ने कहा कि 15 सालों बाद 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी थी कैसा प्रदेश सौंपा था शिवराज सिंह चौहान ने हमें, जो बेरोजगारी, किसानों की आत्महत्या, भ्रष्टाचार में नंबर वन था, मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार प्रदेश बनाकर हमें सौंपा गया था। कौन सी चुनौती नहीं थी, हमारे सामने। हमारी माताओं बहनों की सुरक्षा की चुनौती, किसानों को उचित मूल्य मिले, हमने एक नई शुरुआत की थी, कृषि क्षेत्र में एक नई क्रांति लेकर आएं जिसके तहत हमने पन्ना जिले में पहली किस्त में 50000 किसानों का कर्जा माफ किया था, दूसरी किश्त शुरू होने वाली थी, परंतु उससे पहले धोखे से हमारी सरकार को गिरा दिया गया। कौन सा गुनाह किया था मैंने? अगर मैंने 100 रू. में 100 यूनिट बिजली देने का काम किया, पेंशन बढ़ाई, प्रदेश के इतिहास में पहली बार एक हजार से ज्यादा गौशाला एक साल में बनाई, कौन सा गुनाह कौन सा पाप किया था?

महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, घर-घर में दारु, माफिया राज दिया प्रदेश को

श्री नाथ ने कहा कि आज प्रदेश में 215 महीनों से बीजेपी की सरकार है 190 महीनों से शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं मैं तो पूछना चाहता हूं शिवराज सिंह चौहान से आपने प्रदेश को दिया क्या? मैं बताता हूं शिवराज सिंह चौहान जी आपने क्या दिया महंगाई दी, बेरोजगारी दी, भ्रष्टाचार दिया, घर-घर में दारु दी, माफिया राज दिया और आज यह लोग विकास यात्रा निकालने चले हैं। शासकीय संसाधनों का दुरुपयोग करके आज विकास यात्रा निकाल रहे हैं। अगर इनका लंबा चौड़ा कार्यकाल सफल हुआ होता तो आज इन्हें शासकीय संसाधनों का उपयोग करके विकास यात्रा नहीं निकालनी पड़ती।

हीरा हमारे पन्ना का उद्योग लग रहे दूसरे प्रदेश में

श्री नाथ ने कहा कि हमारा पन्ना जिला हीरे के लिए मशहूर है, हमारे पन्ना जिले में डायमंड पार्क बनाया जा सकता था, हम कैसे अपने प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग करते, मध्यप्रदेश को नई पहचान दिलाते, कैसे विश्व में मध्यप्रदेश का नाम हो। हम 5 प्रदेशों से घिरे हुए हैं, परंतु दुख की बात यह है जिसको अपना सामान बेचना है तमिलनाडु या केरल से वह जाकर पंजाब और हरियाणा में अपना उद्योग लगाता है। अभी हाल ही में इंदौर में इन्वेस्टमेंट समिट करवाया गया था सभी इन्वेस्टमेंट समेट को जोड़ दें तो इनके मुताबिक 33 लाख करोड़ रुपए का झूठा निवेश मध्यप्रदेश में आया, अरे शिवराज जी इतना इन्वेस्टमेंट तो पूरे देश में नहीं आया, आप मध्यप्रदेश में लाने की बात कर रहे हैं।

आने वाले चुनाव में सच्चाई का साथ दीजिए : कमलनाथ

इस चुनाव में आपको यह फैसला करना है कि आप कैसा प्रदेश अपने आने वाली पीढ़ियों को सौंपना चाहते हैं, प्रदेश की वर्तमान तस्वीर को अपने सामने रख लीजिएगा और सच्चाई का साथ अवश्य दीजिएगा। यदि आपने सच्चाई का साथ दिया तो पूरे पन्ना जिले का झंडा मध्यप्रदेश की विधानसभा में लहराएगा। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, मुकेश नायक, शिवदयाल दुबे, नीलांशु चतुर्वेदी, सन्मति सैनी, कल्पना वर्मा सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Back to top button