छत्तीसगढ़बिलासपुर

कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन का निर्णय: जिले के शहरी इलाके में 23 से 31 तक रहेगा लॉकडाउन

बिलासपुर । कोरोना के लगातार बढ़ते मरीजों को देखते हुए जिला प्रशासन सोमवार को लॉकडाउन की सूचना जारी करने का निर्णय लिया है। नियमानुसार 72 घंटे पूर्व आदेश जारी करना है। इस तरह गुरुवार से लॉकडाउन सात दिन के लिए लागू हो जाएगा। प्रतिबंध केवल नगर निगम सीमा में लागू होगा। निगम क्षेत्र से बाहर सभी गतिविधियां सामान्य रूप से चलती रहेंगी।

पिछले कुछ समय से शहर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गोलबाजार, जूना बिलासपुर, बृहस्पति बाजार के पास चंद्रा पार्क जैसी घनी आबादी वाली जगहों में मरीज मिल रहे हैं। इसके कारण संक्रमण तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है। संक्रमित लोग बड़ी संख्या में आम लोगों के संपर्क में भी आए हैं।

स्थिति नियंत्रण से बाहर हो उससे पहले रोकथाम के लिए प्रशासन सोमवार को लॉकडाउन की घोषणा करने का निर्णय लिया है। चूंकि राज्य शासन ने स्पष्ट गाइड लाइन जारी की है कि अचानक से लॉकडाउन नहीं लगाया जाना है। कम से कम 72 घंटे पूर्व लोगों को इसकी सूचना देना अनिवार्य है ताकि लोग भी मानसिक रूप से तैयार रहें और अपनी जरूरत की चीजों को इकट्ठा कर लें।

इसे देखते हुए प्रशासन ने रविवार को अपनी तैयारियों का जायजा लेने के बाद सोमवार को अधिकृत सूचना जारी करने का निर्णय लिया है। 72 घंटे पूर्व मतलब बुधवार रात से ही प्रतिबंध लागू हो जाएगा। गुरुवार से पूर्ण लॉकडाउन शुरू होगा।

सप्ताहभर तक निगम के अंदर जरूरी चीजों को छोड़कर सभी तरह की गतिविधियां बंद रहेंगी। इस प्रतिबंध में खास यह है कि निगम सीमा से बाहर सब कुछ पहले जैसा चलता रहेगा। सीमाओं पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। इस दौरान कोई आना-जाना नहीं कर पाएगा।

Back to top button