नई दिल्ली

लिव-इन रिलेशनशिप में श्रद्धा से लेकर सरस्वती तक…हर बार हुआ ‘भरोसे’ का कत्ल, हुआ बुरा इंतकाम…

नई दिल्ली । एक के बाद एक ऐसे हत्या के मामले सामने आ रहे हैं जो लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर देते हैं कि क्या कोई प्रेम करने वाला इंसान अपनी ही प्रेमिका के साथ यह सलूक कर सकता है? कल तक हमेशा साथ रहने की कसमें खाने वाला प्रेमी निसृंशता से अपनी ही प्रेमिका को मौत के घाट उतार देता है। प्रेम, जिस शब्द में एक रूहानी एहसास है, जो दो लोगों को एक-दूसरे को समझने का पहला जरिया होता है लेकिन पिछले कुछ समय से देशभर में सामने आ रही कई घटनाओं ने इस परिभाषा पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। इसके अलावा बर्बरता, वहशीपन और इंसानियत को शर्मसार कर देने की सारी मर्यादाएं टूट रही हैं।

पिछले साल दिल्ली के श्रृद्धा हत्याकांड के बाद शुरू हुआ यह सिलसिला अब थमने का नाम नहीं ले रहा है। जहां ताजा आज मुंबई से एक और मामला सामने आया है। वहीं बीते दिनों देश भर में ऐसी कई घटनाएं सामने आई है जहां प्रेमिका की हत्या के बाद उसके शव के साथ बर्बरता की गई है।

इस खबर में हम चर्चा करेंगे कुछ ऐसे लिव-इन रिलेशनशिप में रहे प्रेमी-प्रेमिकाओं की जिनकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उनके खुद के ही प्यार ने की। जिसमें कई मशहूर चर्चित हत्याकांड ने लोगों में गुस्सा भर दिया था। जिस तरह से इन लोगों ने लड़कियों के साथ बर्बरता की वो एक साधारण इंसान कभी करने की सोच भी नहीं सकता।

गौरी श्रीवास्तव हत्याकांड

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 2 फरवरी साल 2015 में दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया था। जहां एक तरफा प्यार में पड़े एक लड़के ने एक परिवार के चिराग को हमेशा के लिए बुझा दिया था। लखनऊ के अमीनाबाद में रहने वाली 19 साल की लॉ स्टूडेंट गौरी श्रीवास्तव की हत्या कर दी गई थी।

गौरी अपनी हत्या के एक दिन पहले अपने घर से निकली थी उसके बाद वह गायब हो गई। जिसके बाद पुलिस को उसके शव के टुकड़े बरामद हुए थे। आरोपी ने गौरी की हत्या कर आरी मशीन से उसके शव के 17 टुकड़े किए थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। गौरी की हत्या के बाद हिमांशू प्रजापति नाम के लड़के ने की थी। इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया था।

निक्की यादव हत्याकांड

निक्की यादव की हत्या 14 फरवरी साल 2023 को दिल्ली में की गई थी। 14 फरवरी एक ऐसा दिन जब हर व्यक्ति अपने पसंद के व्यक्ति को अपने प्यार का इजहार करता है। लेकिन निक्की की किस्मत में कुछ और ही लिखा था। निक्की की हत्या साहिल गहलोत (24) ने दिल्ली में स्थित निगमबोध घाट श्मशान की पार्किंग में की थी। 23 साल की निक्की यादव का शव वेलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी को उसके प्रेमी साहिल गहलोत के परिवार के एक रेस्तरां में फ्रिज के अंदर मिला था।

निक्की और साहिल पिछले लंबे समय से लिव इन पार्टनर के तौर पर रह रहे थे। हत्या के बाद साहिल ने निक्की की लाश को फ्रिज में रखा था और बाद में उसे ठिकाने लगाने का प्लान बनाया था। लेकिन पुलिस ने इससे पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं खबरों की मानें तो इस कत्ल की में साजिश में साहिल के रिश्तेदार, दोस्त और एक पुलिसवाला भी शामिल था।

मेघा थोरवी हत्याकांड

मेघा थोरवी की हत्या महाराष्ट्र नालासोपारा में 11 फरवरी 2023 को की गई थी। मेघा थोरवी की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर हार्दिक शाह ने की थी। हार्दिक ने मेघा की हत्या तौलिए से गला घोंट कर की थी जिसके बाद मेघा के शव को बेड बॉक्स में छिपा दिया था। बता दें कि मेघा (37) पेशे से नर्स थी, लेकिन हार्दिक बेरोजगार था। उसका खर्च मेघा को ही उठाना पड़ता था। इसे लेकर दोनों के बीच काफी झगड़े होते रहते थे। हालांकि आरोपी मुंबई से राजस्थान भागने की फिराक में था लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। अंकिता भंडारी हत्याकांड

अंकिता भंडारी

उत्तराखंड के पौड़ी जिले के गंगा-भोगपुर में वनंतरा रिजॉर्ट में एक रिसेप्शनिस्ट थीं, जिसकी हत्या भाजपा नेता पुत्र पुलकित आर्य ने की थी। भाजपा नेता पुत्र पुलकित ने अंकिता को पहले अपने प्यार के जाल में फंसाया था। वहीं, मुख्य आरोपी पुलकित आर्य ने अंकिता का यौन उत्पीड़न किया था।

इसके साथ ही आरोपी व भाजपा नेता पुत्र पुलकित आर्य ने अन्य लोगों से भी अंकिता का यौन उत्पीड़न करवाया था। वहीं, आरोपी साहिल ने अंकिता पर VIP गेस्ट को स्पेशल सेवा देने का भी दबाव बनाया था। अंकिता भंडारी की हत्या 18 सितंबर 2022 को की गई थी।

श्रद्धा वालकर हत्याकांड

महाराष्ट्र की रहने वाली 27 वर्षीय श्रद्धा वालकर की दिल्ली के महरौली में उसके लिव-इन पार्टनर आफताब पूनावाला (28) ने कथित तौर पर 18 मई 2022 को गला दबाकर हत्या करने के बाद उसके शव के 35 टुकड़े कर छतरपुर के जंगल सहित अलग-अलग जगहों पर फेंक दिए थे। दिल्ली में हुए श्रद्धा हत्याकांड में आफताब द्वारा की गई हैवानियत ने लोगों को सन्न कर दिया था।

बता दें कि श्रद्धा और आफताब लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। घटना के कुछ दिनों बाद पुलिस ने आरोपी आफताब को गिरफ्तार कर लिया था। आफताब की श्रद्धा से मुलाकात एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। एक निश्चित समय के बाद, वे मुंबई में एक ही कॉल सेंटर में काम करने लगे और एक दूसरे के प्यार में पड़ गए। अलग-अलग धर्मों के होने के कारण दोनों के परिवारों ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया था।

रिबिका पहाड़िया हत्याकांड

झारखंड के साहिबगंज में दिल्ली जैसा ही मामला देखने को मिला था। यहां 25 साल के दिलदार अंसारी ने रिबिका पहाड़िया के 50 से ज्यादा टुकड़े कर दिए थे। हत्या के बाद आरोपी दिलदार ने रिबिका के शव के टुकड़े इलेक्ट्रिक कटर से किए थे।

कुछ टुकड़े घर में छिपा दिए थे, जबकि अन्य टुकड़े मोहल्ले के आस-पास सुनसान जगहों पर फेंके दिए थे। जिसे कुत्ते नोंच-नोंच कर खा रहे थे। जब लोगों ने कुत्तों को इंसान का मांस खाते देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ था। ये घटना 17 दिंसबर 2022 को सामने आई थी।

बता दें कि रिबिका और दिलदार के बीच काफी समय से अफेयर चल रहा था, लेकिन दोनों के परिवार उनकी शादी के लिए राजी नहीं थे। रिबिका के पिता सुर्जा पहाड़िया और मां चांदी पहाड़िन दोनों के संबंधों का विरोध कर रहे थे। दोनों घर से भाग कर थाने पहुंचे थे, जिसके बाद पुलिस ने दोनों की शादी कराई थी। हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

सरस्वती हत्याकांड़

महाराष्ट्र के मुंबई से भी दिल्ली जैसा हत्याकांड सामने आया है। मुंबई में 56 साल के व्यक्ति मनोज साने ने 32 साल की युवती सरस्वती की हत्या कर दी। बता दें कि लंबे समय से दोनों लिव-इन में रह रहे थे। पहले व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका की हत्या की और फिर शव को चेनशॉ (पेड़ काटने वाली मशीन) से कई टुकड़ों में काट दिया।

जानकारी के अनुसार बदबू नहीं आए इसलिए वह शव के टुकड़ों को प्रेशर कुकर में उबाला करता था। साथ ही उसने महिला के शव के टुकड़ों को मिक्सर में भी पीसा था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ये घटना 8 जून 2023 को सामने आई है।

 

Back to top button