छत्तीसगढ़रायपुर

कोई घटना ही नहीं घट रही है तो उसे राजनीतिक चश्में से क्यों देखा जा रहा है : भूपेश बघेल…

रायपुर। विधायक जाते-जाते रहते हैं, कोई राजनीतिक घटनाक्रम हुआ क्या? गए हैं तो आ जाएंगे। हर व्यक्ति स्वतंत्र है कोई आदमी आए-जाए जब कोई राजनीतिक घटनाक्रम हो तब जोड़ा जाना चाहिए। उक्त बातें मुख्यमंत्री ने शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में मीडिया के समक्ष कही।

 

इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजीव भवन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। बाद में वे वहां आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल हुए। यहां भारती बंधुओं ने बापू के प्रिय भजनों के साथ कबीर के पदों को पेश किया। राजीव भवन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई जा रही है। प्रार्थना सभा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भी मौजूद थे।

 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, गांधी जी और शास्त्री जी की जयंती को पूरे देश और दुनिया के लोग बहुत ही श्रद्धा के साथ स्मरण कर रहे हैं। गांधी जी के रास्ते पर चलकर न केवल हिंदुस्तान बल्कि विश्व के 17 देशों ने आजादी हासिल की। उसके पहले तक जितने भी युद्ध होते थे उसमें अस्त्र शस्त्र का प्रयोग होता था, लेकिन गांधी जी ने सत्य और अहिंसा का रास्ता अपनाया। सत्य के माध्यम से उन्होंने लड़ाई लड़ी। गांधी जी का स्पष्ट मानना था कि हिंसा के माध्यम से जो जीत हासिल होगी उसमें शांति स्थापित नहीं होगी। इसलिए आवश्यक है कि जो भी लड़ाई जीती जाए वह सत्य के माध्यम से हो।

 

इधर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है, विधायकों के आने-जाने से कोई दिक्कत नहीं है। वे वहां निजी काम से गए हैं। कुछ लोग नेताओं से मिलने भी गए हैं। इसमें किसी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उनका काम संगठन को मजबूत रखना है। वे अपना काम कर रहे हैं।

 

कांग्रेस विधायक ममता चंद्राकर, कुंवर सिंह निषाद, विनय भगत और लक्ष्मी ध्रुव आज सुबह रायपुर से दिल्ली रवाना हुए। सभी ने कहा, वे निजी काम से दिल्ली जा रहे हैं। शुक्रवार शाम को चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव के साथ शिशुपाल शोरी, लालजीत सिंह राठिया, संतराम नेताम, राजमन बेंजाम, डॉ. केके ध्रुव, उत्तरी जांगड़े, किश्मतलाल नंद दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। बताया जा रहा है, विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी, विधायक रेखचंद जैन, अनूप नाग, भुनेश्वर बघेल, चिंतामणि महाराज और चक्रधर सिदार जैसे कुछ और विधायक विभिन्न उड़ानों के जरिए दिल्ली जाने के लिए रायपुर पहुंच चुके हैं।

 

Back to top button